West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 दो चरणों में कराये जा सकते हैं. निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के नयी दिल्ली कार्यालय में एक और बैठक होगी, जिसके बाद बंगाल चुनाव 2026 पर अंतिम निर्णय लिया जायेगा.
294 विधानसभा सीट पर अप्रैल में चुनाव संभव
अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीट के लिए चुनाव अगले महीने यानी अप्रैल में होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस को छोड़कर राज्य की अधिकतर राजनीतिक पार्टियों ने कोलकाता में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ बैठक के दौरान एक या दो चरणों में चुनाव कराने की मांग की थी. सुरक्षा बल सहित अन्य अधिकारियों से भी ऐसे ही सुझाव मिले थे.
2 चरणों में चुनाव से हिंसा रोकने में मिलेगी मदद
इलेक्शन कमीशन के अधिकारी ने कहा कि बंगाल में विधानसभा चुनाव 2 चरणों में कराने से चुनाव संबंधी हिंसा को रोकने में मदद मिलेगी, क्योंकि उपद्रवियों को एक जगह से दूसरी जगह जाकर गड़बड़ी फैलाने का समय नहीं मिलेगा. अंतिम निर्णय लेने से पहले इस पहलू पर भी विचार किया जायेगा.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बंगाल में एक चरण में चुनाव कराना असंभव नहीं
यह पूछे जाने पर कि पश्चिम बंगाल में एक ही चरण में मतदान होगा या नहीं, उन्होंने कहा- हमने वर्ष 2024 में 288 सीट वाले महाराष्ट्र विधानसभा का चुनाव एक ही चरण में कराया था. पश्चिम बंगाल में एक चरण में चुनाव कराना असंभव काम नहीं है, लेकिन इस बार इसकी संभावना बहुत कम है.
आयोग के लिए बंगाल में कानून-व्यवस्था बड़ी चिंता का विषय
अधिकारी ने कहा कि चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था निर्वाचन आयोग के लिए एक बड़ी चिंता का विषय रहा है. राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग को चुनाव से पहले और चुनाव के बाद सख्त निगरानी का आश्वासन दिया है.
इसे भी पढ़ें
बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: सभी 294 सीटों पर एक ही चरण में हो सकती है वोटिंग
बंगाल चुनाव : एक चरण में वोटिंग के लिए सीएपीएफ की 2500 कंपनियों की जरूरत
निष्पक्ष, पारदर्शी और कानून के दायरे में होंगे बंगाल विधानसभा चुनाव, बोले ज्ञानेश कुमार
