आनंदपुर अग्निकांड : बचकर लौटे मयना के विष्णुपद

आनंदपुर में मोमो फैक्टरी, उसके गोदाम और उससे सटे डेकोरेटर्स कंपनी के गोदाम में हुए भीषण अग्निकांड में मंगलवार शाम तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई मजदूर अब भी लापता बताये जा रहे हैं.

कोलकाता/हल्दिया. आनंदपुर में मोमो फैक्टरी, उसके गोदाम और उससे सटे डेकोरेटर्स कंपनी के गोदाम में हुए भीषण अग्निकांड में मंगलवार शाम तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई मजदूर अब भी लापता बताये जा रहे हैं. समय बीतने के साथ परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है. इसी बीच राहत की खबर यह है कि पूर्व मेदिनीपुर जिले के मयना ब्लॉक अंतर्गत चांदबेनिया गांव के युवक विष्णुपद खुंटिया किसी तरह जान बचाकर घर लौट आये हैं.

डेकोरेटर्स कंपनी के गोदाम में काम करने वाले विष्णुपद ने बताया कि घटना की रात वह अपने साथियों के साथ गोदाम के भीतर ही सो रहे थे. सोमवार तड़के करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच अचानक चीख-पुकार सुनकर उनकी नींद खुली. कुछ ही सेकेंड में पूरा गोदाम काले धुएं से भर गया और सांस लेना मुश्किल हो गया. उस वक्त उनके साथ 14 से 15 मजदूर मौजूद थे, लेकिन केवल चार-पांच लोग ही बाहर निकल पाने में सफल हुए. विष्णुपद के अनुसार, मोबाइल फोन की रोशनी के सहारे सीढ़ियों से कूदकर किसी तरह बाहर निकलना संभव हो पाया. बाकी साथियों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है. घटना के बाद सोमवार रात मयना ब्लॉक के बीडीओ जगन्नाथ विश्वास समेत प्रशासनिक अधिकारी विष्णुपद के घर पहुंचे और परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया.

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गोदाम के भीतर ही मजदूर रहते थे और वहीं खाना भी बनाया जाता था. गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री जमा थी. बाहर निकलने के लिए केवल एक ही दरवाजा था, जो आग लगते ही बंद हो गया. आग पास के अन्य गोदामों तक फैलने से स्थिति और भयावह हो गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >