संवाददाता, बैरकपुर.
बैरकपुर पुलिस कमिश्नर की साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने भाटपाड़ा थाने की पुलिस के सहयोग से कांकीनाड़ा के हनुमान बाग इलाके में छापेमारी कर एक फर्जी कॉल सेंटर के जरिये ठगी करने के मामले में गिरफ्तार दो लोगों से पूछताछ में पता चला है कि दोनों बिहार के नालंदा के पावापुरी थाना के कैरुआ के निवासी हैं. दोनों यहां किराये का घर लेकर यहीं से फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे. दोनों के नाम अभिजीत कुमार (27) और मनु कुमार (20) हैं. उनके पास से पुलिस ने 86 सिम कार्ड, 37 डेबिट कार्ड, आठ स्मार्ट फोन, एक लैपटॉप, कई सारे पासबुक, नकद 13,97500 रुपये बरामद किये है. ये लोग कॉल सेंटर खोलकर ठगी कर रहे थे. लोगों को फोन पर कम दर पर लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे. उनसे प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे लेते थे और किसी को भी लोन नहीं दिलाया जाता था. पूछताछ में पता चला है कि ये लोग नैहाटी, भाटपाड़ा, जगदल और कांकीनाड़ा के विभिन्न एटीएम से ठगी के रुपये निकाले थे. अवैध तरीके से फर्जी बैंक अकाउंट भी खोलकर ठगी के रुपये ट्रांसफर कर पैसे निकाल लेते थे. इनके खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर कुल 15 शिकायतें पहले से ही दर्ज है. मालूम हो कि गत 28 मार्च को ही छापेमारी कर फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर दोनों को गिरफ्तार किया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
