संवाददाता, हावड़ा.
फुटबॉल खेलने के बाद दोस्तों के साथ गंगा में नहाने गये दो छात्र डूब गये. यह घटना मंगलवार शाम को बाली के नरेंद्रपाड़ा में हुई. दो किशोरों के गंगा नदी में डूबने की खबर आते ही इलाके में हड़कंप मच गया. दोनों छात्रों के परिजन गंगा घाट पहुंचे.
घटना की जानकारी होते ही बाली पुलिस थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया. घटना वाले स्थान पर गंगा नदी में दो गोताखोर उतारे गये. देर रात तक दोनों छात्रों की तलाश की जाती रही. पता चला है कि गंगा में डूबे दोनों छात्रों का रात तक पता नहीं चल सका था. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों छात्रों के नाम आयुष शर्मा और योगेश सिपानी हैं. बताया जा रहा है कि एक नौवीं और दूसरा दसवीं कक्षा का छात्र है. दोनों छात्र बेलूड़ के देवांगन हाउसिंग और अशोक विहार हाउसिंग में रहते हैं. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गंगा घाट से सटे मैदान में लगभग हर दिन विभिन्न स्थानों से लड़के खेलने आते हैं. खेलने के बाद वे गंगा में स्नान करते हैं और घर लौट आते हैं. अन्य दिनों की तरह दोनों छात्र खेलने के बाद गंगा नदी में नहाने गये थे. नहाने के दौरान दोनों किशोर नदी में डूब गये.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
