संवाददाता, कोलकाता
मुहर्रम के मौके पर घर के पास मेला देखने के लिए दो भाई शाम को निकले थे. इसी बीच, बारिश से जल-जमाव भी हो गया था. दोनों भाई एक दूसरे का हाथ पकड़ कर मेला देखने निकल पड़े. लेकिन दुर्भाग्यवश सड़क किनारे बने गड्ढे में पानी भर जाने के कारण दोनों भाइयों की उसमें डूब कर मौत हो गयी. एक की उम्र पांच साल है, जबकि दूसरे की उम्र चार साल है. मुहर्रम खेलने और मेला देखने जाते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ. घटना मालदा के रतुआ थाने के देवीपुर प्रधानपाड़ा इलाके में हुई. पुलिस ने बताया कि मृतक दोनों भाइयों के नाम एसके आयत (5) और एसके फैजान (4) हैं. वे स्थानीय स्कूल में नर्सरी और केजी एक में पढ़ते थे. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे बने तीन फीट के गड्ढे में बच्चे अचानक गिर गये. पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण गड्ढे में पानी जमा हो गया था. कुछ घंटों की खोजबीन के बाद पड़ोसियों को एक बच्चे का हाथ पानी में दिखा. फिर दोनों भाइयों का शव उक्त गड्ढे से बरामद किया गया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है. इस घटना से इलाके में मातम छा गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
