तृणमूल कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी, दुआरे चिकित्सा से लेकर आवास, रोजगार व सामाजिक सुरक्षा पर ममता के 10 बड़े वादे

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए राज्य के विकास, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग व रोजगार से जुड़े हर प्रमुख मुद्दे पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनायीं

संवाददाता, कोलकाता

राज्य विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए राज्य के विकास, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग व रोजगार से जुड़े हर प्रमुख मुद्दे पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनायीं और भविष्य के लिए कई बड़े संकल्पों का भी एलान किया. कालीघाट स्थित अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जो कहती है, वह करके दिखाती है. और आगे भी कोई वादा अधूरा नहीं छोड़ा जायेगा. मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी, तृणमूल के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बक्शी, फिरहाद हकीम आदि भी मौजूद रहे. हिंदी-बांग्ला सहित छह भाषाओं में तैयार किया गया घोषणा पत्र : घोषणा पत्र को हिंदी, अंग्रेजी, बांग्ला समेत छह भाषाओं में तैयार किया गया है.

आवास योजना को बताया सबसे बड़ी उपलब्धि : मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आने पर अब राज्य में ‘दुआरे चिकित्सा’ कार्यक्रम शुरू किया जायेगा. इसके तहत प्रति वर्ष हर ब्लॉक व शहर में कैंप लगाकर लोगों को उनके घर के पास ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. मुख्यमंत्री ने आवास योजना को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब तक करीब 1.3 करोड़ घर बनाये जा चुके हैं, जिनमें कच्चे घरों को भी पक्का किया गया है. हाल के दो महीनों में ही लगभग 50 लाख घरों के लिए आर्थिक सहायता दी गयी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर केंद्र फंड रोके, तब भी राज्य सरकार अपने संसाधनों से सभी जरूरतमंदों को पक्का घर उपलब्ध करायेगी. पेयजल आपूर्ति को लेकर उन्होंने कहा कि लक्ष्य रखा गया है कि अगले दो वर्षों में हर घर तक शुद्ध पेयजल कनेक्शन पहुंचाया जायेगा.

जारी रहेगी लक्खी भंडार योजना महिलाओं के लिए ‘लक्खी भंडार’ योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना आगे भी जारी रहेगी और जीवनभर लाभ दिया जायेगा. युवाओं के लिए उन्होंने कहा कि ‘बांग्लार युवा साथी’ योजना के तहत 21 से 40 वर्ष तक के बेरोजगार युवाओं को 1500 रुपये आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है. ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार सभी धर्मों और समुदायों के लिए समान रूप से काम करती है और आगे भी यही नीति जारी रहेगी. विकास, सामाजिक सुरक्षा और शांति बनाये रखने के लिए तृणमूल का समर्थन करें.

तृणमूल कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में पश्चिम बंगाल के लिए दीदी की प्रतिज्ञाएं

लक्ष्मी की जय, स्वनिर्भरता अक्षय ‘लक्खी भंडार’ में 500 रुपये प्रति माह की वृद्धि, सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1500 प्रति माह (18 हजार प्रति वर्ष) व अनुसूचित जाति-जनजाति की महिलाओं को 1700 प्रति माह सहायता.

युवाओं के साथ, रोजगार का भरोसा ‘बांग्लार युवा साथी’ के तहत बेरोजगार युवाओं को 1500 प्रति माह (18 हजार प्रति वर्ष) का आर्थिक सहयोग. कृषि बजट, किसानों की खुशहाली कृषि क्षेत्र के विकास, किसान परिवारों को आर्थिक समर्थन. भूमिहीन किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए 30 हजार करोड़ का कृषि बजट. निश्चित आवास, चिंताओं का नाश हर परिवार को पक्का घर देने की गारंटी, सभी के लिए आवास सुनिश्चित. हर घर नल, शुद्ध पीने का जल हर घर तक पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य. सभी को बेहतर स्वास्थ्य का अधिकार ‘दुआरे चिकित्सा’ के तहत प्रति वर्ष हर ब्लॉक व शहर में कैंप लगाकर घर के पास स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना. शिक्षा ही संपत्ति, सुरक्षित भविष्य का संकल्प ‘बांग्लार शिक्षायतन’ के तहत सभी सरकारी स्कूलों का आधुनिकीकरण और शिक्षा ढांचे का विकास. बंगाल बनेगा भारत के पूर्वी व्यापार का सारथी विश्वस्तरीय लॉजिस्टिक्स, पोर्ट और व्यापारिक बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ बंगाल बनेगा पूर्वी भारत का प्रवेश द्वार. बुजुर्गों के साथ, देखभाल का भरोसा वर्तमान सभी लाभार्थियों को निरंतर वृद्धावस्था पेंशन सहायता सुनिश्चित की जायेगी. प्रशासनिक सुगमता से बंगाल नये क्षितिज पर सात नये जिलों का निर्माण, भौगोलिक पुनर्गठन द्वारा नगरपालिकाओं की संख्या में वृद्धि कर सेवाएं पहुंचाना.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >