Tarapith Hotel Fire Compensation: पश्चिम बंगाल में बीरभूम जिले के तारापीठ स्थित होटल विदेशिनी अग्निकांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है. प्रदेश के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों के निकट परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है.
तारापीठ हादसे पर पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. पीएम मोदी ने कहा- पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में आग लगने की वजह से लोगों की मौत की खबर से स्तब्ध हूं. इस अग्निकांड में जिन लोगों ने अपने निकट परिजनों को खोया है, उनके प्रति मैं संवेदनाएं और शोक व्यक्त करता हूं. घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रधानमंत्री ने आगे लिखा है कि स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव मदद कर रहा है.
ये भी पढ़ें: तारापीठ होटल अग्निकांड : पटना के तीन लोगों को किया गया रेस्क्यू, मेघालय के पांच और अलीपुरदुआर के चार की हुई मौत
मृतकों के परिजनों को पीएम राहत कोष से मिलेंगे 2-2 लाख
उन्होंने बाद में एक और पोस्ट किया. इसमें लिखा- बीरभूम हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के निकट परिजन को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जायेगी. घायल लोगों को 50-50 हजार रुपए की मदद दी जायेगी.
ये भी पढ़ें: तारापीठ होटल अग्निकांड: रिसेप्शन से फैली आग, कमरे से बाहर भी निकल नहीं पाये लोग, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई सात
हादसे के जिम्मेदार लोगों को मिलेगी सजा : मुख्यमंत्री
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के बाद दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा- मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि इस हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होंगे, उन्हें छोड़ा नहीं जायेगा. मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति दें. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
