मुख्य बातें
Suvendu Adhikari : कोलकाता. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा सांसदों, विधायकों और संगठनात्मक नेताओं को साफ संदेश देते हुए कहा है कि सिर्फ चुनाव जीत लेना ही जिम्मेदारी का अंत नहीं है. लोगों के बीच जाकर लगातार काम करना होगा और हर परिस्थिति में आम जनता के साथ खड़ा रहना होगा. शुभेंदु अधिकारी शनिवार की रात को नंदीग्राम पहुंचे. पूर्व मेदिनीपुर के रेयापाड़ा स्थित अपने विधायक कार्यालय में उन्होंने भाजपा सांसदों, विधायकों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में अहम बैठक की. बैठक में कांथी, तमलुक, नंदकुमार समेत पूर्व मेदिनीपुर के कई इलाकों के भाजपा विधायक और नेता मौजूद रहे. कांथी के सांसद सौमेंदु अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए.
दो सीटों से चुनाव जीते थे शुभेंदु
सूत्रों के अनुसार, बैठक में नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की रणनीति, संभावित उम्मीदवार और संगठन को मजबूत करने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. 2026 विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर, दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी. नियम के तहत उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी है. अब यहां उपचुनाव होना है. पार्टी सूत्रों का मानना है कि नंदीग्राम उपचुनाव भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से बेहद अहम होने वाला है. इसी वजह से संगठन को अभी से सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने के निर्देश दिये गये हैं.
नंदीग्राम से हमेशा रहेगा संबंध
नंदीग्राम पहुंचने पर मुख्यमंत्री अधिकारी का भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया. बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए सड़क किनारे जुटे दिखायी दिये. मुख्यमंत्री ने समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा कि विधायक पद छोड़ने के बावजूद नंदीग्राम के लोगों से उनका संबंध हमेशा बना रहेगा. अधिकारी ने कहा कि वह विधायक नहीं रहने पर भी नंदीग्राम के लोगों की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपचुनाव में भाजपा का जो भी उम्मीदवार होगा, उसके साथ मिलकर वह क्षेत्र के विकास और जनता के हित में लगातार काम करेंगे.
उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा
बैठक में नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की रणनीति, संभावित उम्मीदवार और संगठन को मजबूत करने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. बताया जा रहा है कि बैठक में पार्टी नेतृत्व को स्पष्ट शब्दों में कहा कि नयू सरकार जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अब किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए घर बैठने का समय नहीं है. उन्होंने कहा- सांसद, विधायक से लेकर संगठनात्मक स्तर तक सभी नेताओं को तुरंत लोगों के बीच जाना होगा. हर समय जनता के साथ रहकर काम करना होगा. केवल चुनाव जीतने से जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती.
उपचुनाव समिति का गठन
बैठक में नंदीग्राम उपचुनाव की रणनीति को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई. भाजपा नेतृत्व इस सीट को किसी भी हालत में बरकरार रखना चाहता है. इसी उद्देश्य से बैठक में एक हाई-लेवल उपचुनाव समिति का गठन किया गया. इस कमेटी की जिम्मेदारी कांथी से भाजपा सांसद सौमेंदु अधिकारी को दी गयी है. सौमेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बनायी गयी इस पांच सदस्यीय उपचुनाव समिति में पूर्व मेदिनीपुर जिले के कई प्रभावशाली संगठनात्मक नेताओं को शामिल किया गया है. समिति में मेघनाद नाथ पाल, प्रलय पाल और अंजन भारती समेत अन्य नेताओं को जगह दी गयी है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
जिलों का दौरा कर रहे हैं मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री बनने के बाद शनिवार को ही अधिकारी ने जिला दौरे की शुरुआत की. सबसे पहले वह दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर पहुंचे थे. वहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देते हुए कहा कि किसी भी हालत में पुलिसकर्मियों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. साथ ही अपराध और पशु तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने का निर्देश भी दिया. उन्होंने फलता में भाजपा की एक सभा को भी संबोधित किया था.
Also Read: शुभेंदु अधिकारी 20 को उत्तर बंगाल तो 21 मई को जायेंगे दुर्गापुर, करेंगे प्रशासनिक बैठक
