मुख्य बातें
Sayani Ghosh: कोलकाता. पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब टॉलीवुड भी खुलकर राजनीतिक खेमेबाजी का अखाड़ा बनता जा रहा है. अभिनेत्री और तृणमूल सांसद सायनी घोष तथा अभिनेता जीतू कमल के बीच सोशल मीडिया के मंच पर तीखी बयानबाजी शुरू हो गयी है. दोनों कलाकारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह विवाद अब चर्चा का बड़ा विषय बन गया है. दोनों कलाकारों के बीच चल रही यह जुबानी लड़ाई अब राजनीतिक रंग ले चुकी है.
टॉलीवुड की कंगना रनौत
सायनी घोष ने जीतू कमल पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘टॉलीवुड की कंगना रनौत’ तक कह दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कमल राजनीतिक रूप से अवसरवादी हैं और वामपंथ की बात करते हुए तृणमूल से लाभ लेकर भाजपा का समर्थन करते हैं. सायनी घोष ने दावा किया कि ‘अपराजित’ फिल्म की सफलता के बाद कमल का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. उन्होंने यह भी कहा कि उद्योग के कई लोग अभिनेता के व्यवहार से नाराज हैं.
अभद्र व्यवहार का आरोप
सायनी घोष ने एक पुराने विवाद का जिक्र करते हुए बताया कि कुछ वर्ष पहले बिराटी की घटना के दौरान कमल और उनकी पूर्व पत्नी ने थाने से उन्हें सहायता के लिए फोन किया था. उनके अनुसार उस समय अभिनेता पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे और अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने स्वयं पुलिस अधिकारियों से बात कर मदद दिलायी थी.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
काम पर ध्यान देने की सलाह
सायनी घोष ने जीतू कमल को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें विवादित बयान देकर चर्चा में रहने की जगह अपने काम पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अभिनेता को खुद को सत्यजीत राय समझना बंद कर देना चाहिए. दूसरी ओर जीतू कमल ने भी घोष को ‘पलटीबाज’ बताते हुए पलटवार किया है. हालांकि इस विवाद पर अभिनेता की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आयी है.
Also Read: बंगाल में ‘कट मनी’ पर शुभेंदु अधिकारी का निर्देश, बिना सबूत दिखाये नहीं होगी गिरफ्तारी
