खास बातें
Suvendu Adhikari Wins Bhabanipur 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने प्रदेश की राजनीति का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘जायंट किलर’ शुभेंदु अधिकारी ने वो करिश्मा कर दिखाया है, जिसकी कल्पना शायद ही किसी ने की थी. शुभेंदु ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके सबसे सुरक्षित गढ़ माने जाने वाले भवानीपुर में भी पराजित कर दिया है. रात करीब 9:20 बजे आये अंतिम आंकड़ों के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,105 मतों के अंतर से करारी शिकस्त दी है. यह दूसरा मौका है, जब शुभेंदु ने दीदी को चुनावी मैदान में धूल चटायी है.
नंदीग्राम के बाद अब भवानीपुर फतह, शुभेंदु ने पूरा किया वादा
शुभेंदु अधिकारी ने चुनाव की घोषणा से पहले ही खुले मंच से ममता बनर्जी को भवानीपुर में चुनौती देने का ऐलान किया था. शुभेंदु न केवल नंदीग्राम से दोबारा चुनाव जीते, बल्कि भवानीपुर में भी अपनी जीत का परचम लहराया. शुभेंदु के नामांकन में खुद गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे थे. भवानीपुर में हुए रोड शो और अमित शाह की रैलियों ने जो माहौल बनाया, उसका असर नतीजों में साफ दिखा. ‘स्ट्रीट फाइटर’ ममता बनर्जी को उनके गढ़ में पराजित करके शुभेंदु ने साबित कर दिया है कि वह कोई कच्चे खिलाड़ी नहीं हैं.
अमित शाह ने बंगाल की जनता को दी बधाई
भवानीपुर विधानसभा सीट पर ममता बनर्जी की हार के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बंगाल की जनता को बधाई दी. उन्होंने लिखा- भवानीपुर की जनता को कोटि-कोटि नमन. उनके जनादेश ने यह साफ कर दिया है कि एक अराजक शासक का भविष्य क्या होने वाला है.
इसे भी पढ़ें : बंगाल में कौन बनेगा मुख्यमंत्री? शुभेंदु अधिकारी का पलड़ा क्यों है सबसे भारी?
चौथी बार सीएम बनने का ममता का सपना टूटा, नहीं टूटा ज्योति बसु का रिकॉर्ड
ममता बनर्जी इस चुनाव में लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद के साथ मैदान में उतरी थीं. लेकिन भवानीपुर की हार और भाजपा के प्रचंड बहुमत ने उनके इस सपने को तोड़ दिया है. पश्चिम बंगाल के इतिहास में अब भी ज्योति बसु ही एकमात्र ऐसे नेता हैं, जो लगातार 5 बार मुख्यमंत्री बने थे. मुख्यमंत्री रहते वह कभी नहीं हारे. इसके पहले डॉ विधान चंद्र रॉय भी सीएम के पद पर रहते चुनाव नहीं हारे. ममता बनर्जी इस एलीट क्लब में शामिल होना चाहतीं थीं, लेकिन शुभेंदु ने उनके सपने को चकनाचूर कर दिया.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हुमायूं कबीर और शुभेंदु 2026 के डबल विनर
इस चुनाव में 2 सीटों पर जीत दर्ज करने वाले दिग्गजों में 2 नेता शामिल हैं. भाजपा के शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों जगह से जीते. अपनी नयी पार्टी AJUP (आम जनता उन्नयन पार्टी) के टिकट पर 2 सीटों पर जीत हासिल कर हुमायूं कबीर ने भी बंगाल की राजनीति में अपनी ताकत का अहसास कराया.
इसे भी पढ़ें : नंदीग्राम की जंग का पूरा हिसाब : एक-एक वोट के लिए ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी ने कितना बहाया पैसा?
Suvendu Adhikari Wins Bhabanipur 2026: कोलकाता की सड़कों पर गूंज रहा जय श्रीराम
शुभेंदु अधिकारी की इस जीत ने न केवल ममता बनर्जी के अपराजेय होने के मिथक को तोड़ दिया है, बल्कि भाजपा के लिए बंगाल के मुख्यमंत्री की कुर्सी का रास्ता भी साफ कर दिया है. दक्षिण कोलकाता की सड़कों पर अब जय श्रीराम के नारों के साथ कमल की गूंज है.
इसे भी पढ़ें : बंगाल की सत्ता का ‘गेट-वे’ है हुगली, सिंगूर से शुरू हुई थी वामदलों के पतन की कहानी, अब 43.61 लाख वोटर करेंगे दीदी और दादा का फैसला
दिन भर ममता बनर्जी ने बना रखी थी बढ़त, अंतिम 4 राउंड में पिछड़ीं
भवानीपुर में पहले राउंड में बढ़त बनाने के बाद दूसरे राउंड में ममता बनर्जी पिछड़ गयीं. लेकिन, तीसरे राउंड से लगातार उन्होंने बढ़त बनाये रखी. आखिरकार जब 20 राउंड की गिनती पूरी हुई, तो ममता बनर्जी 15 हजार से अधिक वोटों से अंतर से हार गयीं.
इसे भी पढ़ें : बंगाल की राजनीति के ‘गेमचेंजर’ हैं शुभेंदु अधिकारी? नंदीग्राम के नायक से ममता बनर्जी को ललकारने तक, जानें 5 अनकहे सच
शुभेंदु को 73917 और ममता को 58812 वोट मिले
शुभेंदु को इस बार 73,917 वोट मिले. ममता बनर्जी को 58,812 वोट मिले. भवानीपुर में माकपा नेता श्रीजीब विश्वास को 3,556 और कांग्रेस के प्रदीप प्रसाद को 1,257 वोट मिले. एसयूसीआई की अनुमिता साव को 219, भारतीय न्याय अधिकार रक्षा पार्टी की मणिका मुखर्जी को 73 वोट मिले. ममता बनर्जी और शुभेंदु की जंग वाली सीट पर NOTA को 829 वोट पड़े.
इसे भी पढ़ें
मतगणना से पहले बदला कालीघाट का थाना प्रभारी, 48 घंटे में दूसरा तबादला, चमेली की छुट्टी, बलाई को कमान