विद्यासागर कॉलेज में विज्ञान विभाग में द्वितीय वर्ष की थी छात्रा
प्रतिनिधि, कल्याणी.
नदिया जिले के नवद्वीप विद्यासागर कॉलेज की विज्ञान विभाग की द्वितीय वर्ष की छात्रा बर्णाली दास ने रविवार को गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली.
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है. सूत्रों के अनुसार बर्णाली नवद्वीप के वार्ड नंबर 4, बनिकनगर इलाके की निवासी थी. रविवार दोपहर वह साइबर कैफे जाने के बहाने घर से निकली थी. परिजनों के अनुसार उस वक्त वह सामान्य लग रही थी. लेकिन शाम साढ़े सात बजे के करीब मायापुर पुलिस चौकी से परिवार को फोन आया, जिसमें बताया गया कि बर्णाली ने गंगा नदी के बीच नाव से छलांग लगा दी है.
रात भर चली तलाश, गोताखोरों की मदद ली गयी
सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गये. नौका परिचालकों ने रात में ही तलाशी शुरू कर दी, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिला. सोमवार सुबह गोताखोरों की मदद से तलाश फिर से शुरू की गयी.
कैसे पहुंची नाव पर, बड़ा सवाल
पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह साइबर कैफे के बहाने नदी तक कैसे पहुंची और नाव पर कैसे सवार हुई. यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छलांग लगाने के वक्त नाव में उसके साथ कोई और था या नहीं.
मायापुर थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और परिवार से बातचीत के साथ ही परिचितों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि कहीं छात्रा किसी मानसिक या आपराधिक दबाव में तो नहीं थी. परिजन अब भी सदमे में हैं और समझ नहीं पा रहे कि बर्णाली ने ऐसा कदम क्यों उठाया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
