जेएमबी के एक और संदिग्ध आतंकी को डायमंड हार्बर से एसटीएफ ने दबोचा

राज्य पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल- मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के एक और संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है.

प्रतिनिधि, बीरभूम

राज्य पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल- मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के एक और संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है. उसे दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर के पात्राग्राम से दबोचा गया. उसका नाम अब्बासुद्दीन मोल्ला बताया गया है. उसके ठिकाने से कई प्रतिबंधित मजहबी किताबें, लैपटॉप व पेन ड्राइव जब्त किये गये हैं. यह गिरफ्तारी गुरुवार को आधी रात बीरभूम जिले से एसटीएफ के हत्थे चढ़े जेएमबी के दो संदिग्धों अजमल हुसैन (28) और साहेब अली खान(28) से पूछताछ के बाद की गयी. एसटीएफ की टीम ने दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर पात्राग्राम में छापेमारी कर जेएमबी के संदिग्ध सदस्य अब्बासुद्दीन मोल्ला को दबोचा. शनिवार को बीरभूम जिले के रामपुरहाट महकमा अदालत में एसटीएफ ने आरोपी को पेश किया. वहां से उसे 13 दिनों की एसटीएफ रिमांड में भेज दिया गया.

इधर, बीरभूम से गिरफ्तार जेएमबी के दोनों संदिग्ध आतंकियों को भी शनिवार को फिर रामपुरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां से उन दोनों को भी 13 दिनों की एसटीएफ की रिमांड में भेज दिया गया. मालूम रहे कि गुरुवार को आधी रात बंगाल एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के बाद जिले के नलहाटी व मुरारई से जेएमबी के संदिग्ध आतंकियों अजमल हुसैन (28) और साहेब अली खान(28) को दबोचा . अजमल जिले के नलहाटी तथा साहेब मुरारई का रहनेवाला है. दोनों संदिग्ध आतंकियों को शुक्रवार को रामपुरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया है. अदालत ने दोनों को एक दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था. शनिवार को फिर दोनों को महकमा अदालत में पेश किया गया.

पुलिस ने बताया कि अभी दो दिन पहले ही जिले से भारी मात्रा में विस्फोटक मिला था. अब जेएमबी के दो संदिग्धों की धरपकड़ से बीरभूम जिले के लोग सहम गये हैं. तीनों संदिग्ध आतंकियों पर मुस्लिम युवाओं को देश के खिलाफ भड़काने और देश विरोधी कार्य के लिए उकसाने का आरोप है. इन लोगों का संबंध जमात के मॉड्यूल सदस्य के रूप में है. ये लोग जिले समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में मुस्लिम युवकों को धर्म की आड़ में मूल रूप से धार्मिक उत्तेजक संदेश फैला रहे थे और देश के प्रति षड्यंत्र रच रहे थे. एसटीएफ प्रभारी इंद्रजीत बसु ने बताया कि अजमल व साहेब विदेश में भारत विरोधी शक्तियों से लगातार संपर्क में थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >