राजगंज : टिकट नहीं मिलने पर तृणमूल विधायक ने दिया इस्तीफा

राज्य विधानसभा चुनाव में राजगंज विधानसभा क्षेत्र से टिकट नहीं मिलने के बाद विधायक खगेश्वर राय ने जलपाईगुड़ी जिले से तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद पार्टी के भीतर असंतोष के संकेत दिखायी देने लगे हैं.

कोलकाता.

राज्य विधानसभा चुनाव में राजगंज विधानसभा क्षेत्र से टिकट नहीं मिलने के बाद विधायक खगेश्वर राय ने जलपाईगुड़ी जिले से तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद पार्टी के भीतर असंतोष के संकेत दिखायी देने लगे हैं. जलपाईगुड़ी के राजगंज से तीन बार विधायक रह चुके श्री राय ने एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता स्वप्ना बर्मन को इस सीट से मैदान में उतारे जाने के बाद पार्टी की हार की भविष्यवाणी की. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा उम्मीदवारों की सूची की घोषणा के तुरंत बाद उन्होंने जलपाईगुड़ी जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया. टिकट न मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्णय धन-बल के प्रभाव में लिया गया है. खगेश्वर राय ने अपने इस्तीफे की घोषणा करने के बाद पत्रकारों से कहा : जब ममता बनर्जी ने कांग्रेस छोड़ कर तृणमूल कांग्रेस की स्थापना की, तब से मैं उनके साथ रहा हूं. आज मुझे पैसों ने हरा दिया. किसी ने जरूर पैसे दिये होंगे और इसीलिए मेरा नाम हटा दिया गया. मौजूदा विधायक ने दावा किया कि जिस व्यक्ति ने ‘कभी तृणमूल के लिए काम नहीं किया’ उसे इस निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवार बनाया गया है. श्री राय ने कहा कि उन्होंने राजगंज में पार्टी संगठन खड़ा किया है और उन्हें टिकट न देना अन्याय है. उन्होंने कहा : मेरे साथ हुए अन्याय के कारण मैंने पार्टी पद से इस्तीफा दे दिया है. तृणमूल कांग्रेस राजगंज सीट हार जायेगी.

बहरहाल, खगेश्वर राय ने कहा कि उन्होंने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होंगे या नहीं. उन्होंने कहा : मैंने पार्टी को पत्र भेज दिया है. देखते हैं कि नेतृत्व क्या फैसला लेता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: BIJAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >