घायल सांसद व विधायक को देखने अस्पताल पहुंचे शुभेंदु

नागराकाटा में हमले में घायल भाजपा सांसद खगेन मुर्मू को देखने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार को गयी थीं. इसके करीब तीन घंटे बाद विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी भी सांसद को देखने अस्पताल पहुंचे.

संवाददाता, कोलकाता

नागराकाटा में हमले में घायल भाजपा सांसद खगेन मुर्मू को देखने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार को गयी थीं. इसके करीब तीन घंटे बाद विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी भी सांसद को देखने अस्पताल पहुंचे. उनके साथ भाजपा के चुनाव सह-प्रभारी बिप्लब देब, अन्य विधायक व सांसद भी मौजूद थे. उन्हें देखने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री के सांसद से मिलने जाने पर कटाक्ष किया.

दूसरी ओर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू भी उत्तर बंगाल में आयी आपदा का जायजा लेने उत्तर बंगाल पहुंचे. शुभेंदु व रिजीजू ने मंगलवार दोपहर मिरिक के प्रभावित इलाकों का दौरा किया. उन्होंने प्रभावितों से भी बात की. शुभेंदु व रिजीजू के साथ दार्जिलिंग से भाजपा सांसद राजू बिष्ट भी थे. अस्पताल से निकलने के बाद विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि शंकर घोष के कंधे का लिगामेंट फट गया है. उन्हें एक-दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है. उन्हें अगले एक महीने तक घर पर आराम करना होगा. उन्होंने कहा कि सांसद के बारे में डॉक्टरों से विस्तार से चर्चा हुई. भाजपा सांसद का मंगलवार को एमआरआइ हुआ है.

एमआरआइ रिपोर्ट से साफ पता चलता है कि उनकी आंख के नीचे की हड्डी टूट गयी है. सर्जरी की जा सकती है. लेकिन डॉक्टरों ने अभी इस पर कोई फैसला नहीं लिया है. उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने सर्जरी के अलावा अन्य विकल्पों पर भी चर्चा की है. फिलहाल उन्हें ट्रैक्शन के जरिये छह सप्ताह तक अस्पताल में रखा जायेगा. परिवार व पार्टी ने फैसला किया है कि खगेन चार सप्ताह तक अस्पताल में रहेंगे.

अधिकारी ने बताया कि उन्हें दिल्ली के एम्स में ले जाया जा सकता है. शुभेंदु ने अब तक मामले में गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जतायी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीएम ने अस्पताल में अमानवीयता दिखायी. सांसद से मिलने के बाद भी उन्होंने शंकर घोष को नजरअंदाज किया. शुभेंदु ने दावा किया कि जब ममता बनर्जी गयीं, तो अस्पताल में भर्ती लोग विरोध प्रदर्शन करना चाहते थे. लेकिन हमने फोन पर मना किया. हमने सभी से शांत रहने को कहा. भाजपा इस संस्कृति में विश्वास नहीं करती. मुख्यमंत्री ने केंद्र पर बाढ़ से निबटने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है.

इस पर शुभेंदु का दावा है कि यह पूरी तरह से झूठ है. केंद्र सरकार पहले ही 6,000 करोड़ रुपये का फंड मुहैया करा चुकी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >