भांगड़ : तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला के काफिले पर हमला, वाहन क्षतिग्रस्त, तनाव

राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है. दक्षिण 24 परगना के भांगड़ विधानसभा क्षेत्र में अशांति की घटनाएं सामने आ रही हैं.

दीवार लेखन को लेकर तृणमूल और आइएसएफ कार्यकर्ताओं में झड़प, दो गिरफ्तार

संवाददाता, कोलकाताराज्य में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है. दक्षिण 24 परगना के भांगड़ विधानसभा क्षेत्र में अशांति की घटनाएं सामने आ रही हैं. कोलकाता पुलिस के दायरे में आने वाले पोलेरहाट थाने से महज 500 से 700 मीटर की दूरी पर कैनिंग पूर्व के तृणमूल कांग्रेस विधायक शौकत मोल्ला के काफिले पर बम फेंके जाने से इलाके में अशांति व्याप्त हो गयी. आरोप है कि इस दौरान तृणमूल एवं आइएसएफ कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में फायरिंग व पथराव की घटना हुई. घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है. पोलेरहाट थाने की पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस सूत्र बताते हैं कि इस घटना की पृष्ठभूमि में दीवार लेखन का मामला है. जानकारी के अनुसार, विधायक के काफिले और तृणमूल की सभा पर हमले की घटनाओं से पहले पोलेरहाट थाना क्षेत्र के दक्षिण गाजीपुर इलाके में दीवार लेखन को लेकर तृणमूल और आइएसएफ समर्थकों के बीच तनाव पैदा हुआ. आइएसएफ का आरोप है कि उनका दीवार लेखन मिटाकर जबरन तृणमूल कार्यकर्ताओं ने कब्जा किया . वहीं, तृणमूल ने इन आरोपों को खारिज किया है. विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में हाथापाई हुई, जिसमें दोनों दलों के कई कार्यकर्ता घायल हुए. तृणमूल ने आरोप लगाया कि आइएसएफ समर्थकों ने उनकी दो गाड़ियों में तोड़फोड़ की. घायलों को कोलकाता के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. मोल्ला का आरोप है कि वह इसके पहले हुई मारपीट की घटना में घायलों को लेकर पोलेरहाट थाने में शिकायत दर्ज करा कर लौट रहे थे. इसी समय घटनास्थल के पास से गुजरते समय उनकी कार के काफिले को निशाना बनाया गया. उनका आरोप है कि थाना से लगभग 500-700 मीटर की दूरी पर अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को लक्ष्य कर बम फेंके, साथ ही फायरिंग और पथराव किया. विधायक का वाहन आगे निकल गया, लेकिन पीछे चल रही गाड़ी बम की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गयी. विधायक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस बल मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो ताजा बम एवं बम की सूतली बरामद की. पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया.

आइएसएफ ने की एनआइए जांच की मांग

इधर, कैनिंग पूर्व के तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला ने इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आइएसएफ) के विधायक नौशाद सिद्दिकी पर उकसावे का आरोप लगाया और कहा कि यह हमला आइएसएफ समर्थित असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया. उन्होंने सिद्दिकी की गिरफ्तारी की मांग की और सोमवार को इलाके में विरोध मार्च निकालने की घोषणा की. इधर, आइएसएफ विधायक नौशाद सिद्दिकी ने तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला के आरोपों को खारिज कर हुए कहा कि इलाके को जानबूझकर अशांत करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने पूरे मामले की एनआइए से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. इधर, पोलेरहाट थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ा दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >