न्यूटाउन : बस स्टैंड पर खून के धब्बे देखे जाने से सनसनी

विधाननगर के न्यूटाउन स्थित गीतांजलि बस स्टैंड पर सोमवार सुबह कई जगहों पर खून के धब्बे पाये जाने से इलाके में हड़कंप मच गया.

संवाददाता, कोलकाता

विधाननगर के न्यूटाउन स्थित गीतांजलि बस स्टैंड पर सोमवार सुबह कई जगहों पर खून के धब्बे पाये जाने से इलाके में हड़कंप मच गया. यह क्षेत्र आमतौर पर सूचना प्रौद्योगिकी हब के रूप में जाना जाता है, जहां बड़ी संख्या में कार्यालय कर्मी और स्थानीय लोग आते-जाते हैं. इस असामान्य दृश्य को देखकर लोग दहशत में आ गये और घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गयी.

स्थानीय लोगों और ऑफिस जाने वाले यात्रियों ने जब बस स्टैंड की जमीन पर फैले गाढ़े खून के धब्बे देखे, तो उनके मन में सवाल उठने लगे क्या यहां कोई आपराधिक वारदात तो नहीं हुई. क्या किसी की हत्या की गयी है? कहीं रात के अंधेरे में किसी को गंभीर रूप से घायल तो नहीं कर दिया गया? सूचना मिलते ही टेक्नोसिटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खून के नमूने एकत्र किये गये, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है.

प्राथमिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह खून इंसान का है या किसी जानवर का. इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज भी खंगाला जा रहा है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके. जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि संभव है कि किसी युवक को तपेदिक (टीबी) की शिकायत हो और उसी ने बस स्टैंड पर खून की उल्टी की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >