दक्षिण कोलकाता के बड़े पूजा मंडपों का वरिष्ठ आइपीएस अफसरों ने लिया जायजा

महानगर के विभिन्न पूजा कमेटियों के सदस्य इन दिनों मंडपों की सजावट एवं अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.

निरीक्षण के दौरान कुछ पूजा कमेटी को फायर प्रूफ कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी

भीड़ जुटने वाले पंडालों में घुटन की स्थिति न पैदा हो. इसके लिए मंडप के भीतर हवा का संचार सामान्य रखने की व्यवस्था करने की सलाह

संवाददाता, कोलकाता.

महानगर के विभिन्न पूजा कमेटियों के सदस्य इन दिनों मंडपों की सजावट एवं अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. अगले कुछ ही दिनों में शहर के बड़े पूजा पंडाल दर्शनार्थियों के लिए खोल दिये जायेंगे. इसके पहले मंडप निर्माण से लेकर अन्य तैयारियों को लेकर कहीं कोई कमी न रह जाये, इसकी निगरानी के लिए कोलकाता पुलिस की टीम ने मंगलवार को संयुक्त आयुक्त (मुख्यालय) मिराज खालिद के नेतृत्व में दक्षिण कोलकाता के कई पूजा मंडपों का निरीक्षण किया. उन्होंने पूजा मंडपों के निर्माण कार्यों का जायजा लिया, इसके साथ ही पुलिस ने कमेटी के सदस्यों को कुछ सुझाव भी दिये.

पुलिस सूत्र बताते हैं कि कई मंडपों में देखा गया कि पूजा समितियां मंडप निर्माण में अत्यधिक कपड़ों का इस्तेमाल कर रही हैं. ऐसे में लालबाजार ने फायर केमिकल युक्त फायर प्रूफ कपड़ों के इस्तेमाल करने पर ज़ोर दिया है. इतना ही नहीं, पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए ढलान वाली जगह को भी समतल बनाने को कहा गया है. कई पंडालों की ऊंचाई भी नियमों के अनुसार रखने को कहा गया है. कोलकाता पुलिस की तरफ से आयोजकों को सलाह दी गयी है कि मंडप के भीतर आंशिक अंधेरे की थीम को बनाने वाली पूजा कमेटियां निवास द्वार के पास पर्याप्त लाइट अवश्य लगायें, ताकि लोगों को अंधेरे में भी निकासी मार्ग स्पष्ट दिखे. बात यहीं खत्म नहीं होती, पूजा कमेटियों को इस बात पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है कि भीड���-भाड़ वाले पंडालों में घुटन की स्थिति न पैदा हो. इसके लिए खास तौर पर यह सुनिश्चित किया जाये कि मंडप में हवा का संचार सामान्य रहे. इस दिन पुलिस ने कुछ पूजा कमेटियों के सदस्यों को पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को भी कहा है.

अब तक 2700 पूजा कमेटियों ने आसान एप में एनओसी के लिए कराया पंजीकरण : दूसरी ओर, लालबाजार सूत्रों के अनुसार कोलकाता में अब तक आसान एप के जरिये 2,700 पूजा कमेटियों का पंजीकरण हो चुका है, जिनमें 2,000 पूजा कमेटियों को एनओसी भी सभी विभाग से दिया गया है. पता चला है कि अनुमति के लिए 24 तारीख तक आवेदन किया जा सकता है. नतीजतन, पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में और आवेदन आयेंगे.

बुधवार को उत्तर एवं मध्य कोलकाता के पूजा मंडपों का दौरा करेगी पुलिस

संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) मिराज खालिद के नेतृत्व में एक पुलिस की टीम दक्षिण कोलकाता के विभिन्न बड़ी पूजा कमेटियों के मंडप में मंगलवार सुबह 11.30 बजे निरीक्षण के लिए पहुंची. इसमें पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने बेहला नतून दल, बारिशा क्लब, विवेकानंद पार्क एथलेटिक क्लब समेत कुल 12 पूजा स्थलों की तैयारियों का निरीक्षण किया. लालबाजार की तरफ से वरिष्ठ आइपीएस अधिकारियों की टीम बुधवार को उत्तर एवं मध्य कोलकाता के बड़े पूजा मंडप में जाकर वहां की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद आगामी शुक्रवार को कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा व्यक्तिगत रूप से दौरा कर मंडप की तैयारियों का फाइनल निरीक्षण करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Subodh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >