सीइओ कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ता व बीएलओ भिड़े, नारेबाजी

सोमवार की रात उस समय नाटकीय स्थिति पैदा हो गयी जब भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह का राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीइओ) कार्यालय के सामने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के एक फोरम के प्रदर्शनकारी सदस्यों से आमना-सामना हो गया.

कोलकाता.

सोमवार की रात उस समय नाटकीय स्थिति पैदा हो गयी जब भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह का राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीइओ) कार्यालय के सामने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के एक फोरम के प्रदर्शनकारी सदस्यों से आमना-सामना हो गया. इस दौरान पुलिस ने बीच-बचाव किया. एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. बीएलओ अधिकार रक्षा समिति के कई सदस्य सोमवार को दोपहर से ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीइओ) कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे थे. मामला तब बिगड़ गया जब कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के पार्षद सजल घोष के नेतृत्व में लगभग 50 भाजपा कार्यकर्ता रात 11 बजे मौके पर पहुंचे और सीइओ कार्यालय में बंद चुनाव आयोग के अधिकारियों को डराकर एसआइआर प्रक्रिया को रोकने के तृणमूल कांग्रेस के कथित प्रयास के खिलाफ नारे लगाने लगे. स्थिति तब बिगड़ गयी जब प्रदर्शनकारी बीएलओ ने जवाबी नारे लगाये और भाजपा पर पश्चिम बंगाल में वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए निर्वाचन आयोग के साथ मिलीभगत से काम करने का आरोप लगाया.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे बीएलओ को आतंकित करने और भड़काने की कोशिश कर रहे थे, जो केवल सीइओ से मिलना चाहते थे. घोष ने दावा किया, ‘‘प्रदर्शनकारी बीएलओ नहीं हैं. वे तृणमूल समर्थित संगठनों के नेता हैं.’’

बीएलओ फोरम के सदस्यों ने आरोपों को खारिज कर दिया. जब दोनों समूह मीडियाकर्मियों के सामने एक-दूसरे पर कटाक्ष कर रहे थे तभी उपायुक्त (मध्य) इंदिरा मुखर्जी के नेतृत्व में एक पुलिस बल उनके बीच खड़ा हो गया ताकि वे टकराव होने से रोक सकें. बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल रात करीब 11.40 बजे अपने कार्यालय से बाहर निकले. वे बीएलओ के धरने के कारण कार्यालय में ही थे. उन्होंने देर रात के घटनाक्रम पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन तनाव उस समय कम हो गया जब उन्हें और निर्वाचन आयोग के अन्य अधिकारियों को पुलिस ने उनके आवासों तक पहुंचाया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bijay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >