स्वास्थ्य साथी कार्ड से एक करोड़ से अधिक लोगों का हुआ इलाज : सीएम

फिलहाल इस योजना के तहत 8.5 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हो रहे हैं.

कोलकाता. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य साथी योजना की बड़ी उपलब्धि की जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर 2025 तक इस योजना के तहत अस्पताल में भर्ती होने के मामलों की संख्या एक करोड़ के पार पहुंच गयी है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पश्चिम बंगाल सरकार की स्वास्थ्य साथी योजना एक सर्वसमावेशी और अनोखी स्वास्थ्य बीमा योजना है, जिसने एक करोड़ अस्पताल भर्ती का आंकड़ा पार कर लिया है. ममता बनर्जी ने बताया कि अब तक राज्य के नागरिकों को 13,156 करोड़ रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य लाभ राज्य के बजट से दिया गया है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का कोई भी निवासी, यदि किसी अन्य राज्य प्रायोजित योजना के तहत कवर नहीं है, तो स्वास्थ्य साथी योजना का लाभ प्राप्त कर सकता है. फिलहाल इस योजना के तहत 8.5 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हो रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का मजबूत आइटी प्लेटफॉर्म और अस्पतालों को समयबद्ध भुगतान प्रणाली लाभार्थियों को तेज, पारदर्शी और भरोसेमंद सेवा सुनिश्चित करती है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार हमेशा कठिन समय में अपने नागरिकों के साथ खड़ी रहती है. राज्य सरकार का दावा है कि इस योजना ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं तक आम जनता की पहुंच आसान बना दी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >