संवाददाता, कोलकाता
राज्य में पहली बार किसी महिला आइएएस अधिकारी को मुख्य सचिव का पदभार सौंपा गया है. नंदिनी चक्रवर्ती राज्य की प्रथम महिला मुख्य सचिव बनीं है. मुख्य सचिव डॉ मनोज पंत बुधवार को सेवानिवृत हो गये. नंदिनी चक्रवर्ती इससे पहले गृह सचिव थीं. आइएएस अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा को राज्य का नया गृह सचिव बनाया गया है.
इसके साथ ही राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त डॉ मनोज पंत को अहम जिम्मेदारी सौंपी है. उन्हें मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है. बताया गया है कि डॉ पंत को इस नवनियुक्त पद पर भी मुख्य सचिव के समान सभी सुविधाएं प्रदान की जायेंगी. गौरतलब है कि पंत 30 जून को सेवानिवृत्त होने वाले थे. उनका कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ाया गया था. जानकारी के अनुसार, मुख्य सचिव की दौड़ में आइएएस अधिकारी वरुण रॉय, अत्रि भट्टाचार्य व प्रभात मिश्रा भी शामिल थे. हालांकि, अंतत: नंदिनी चक्रवर्ती के नाम पर अंतिम मुहर लगी. अब नवनियुक्त महिला मुख्य सचिव राज्य की महिला मुख्यमंत्री के अंतर्गत कार्य करेंगी.
उल्लेखनीय है कि 1994 बैच की आइएएस अधिकारी नंदिनी चक्रवर्ती, इससे पहले राज्य के कई विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं. हालांकि, राजभवन में राज्यपाल का प्रधान सचिव रहने के दौरान उनको लेकर एक विवाद भी पैदा हुआ था. इसके बाद राज्य सचिवालय ने नंदिनी चक्रवर्ती को वहां से हटा कर पर्यटन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया. इसके बाद दिसंबर 2023 में नंदिनी चक्रवर्ती को राज्य का गृह सचिव नियुक्त किया गया. वहीं, गृह सचिव के पद पर जगदीश प्रसाद मीणा को नियुक्त किया गया. आइएएस जगदीश प्रसाद मीणा, फिलहाल कार्मिक व प्रशासनिक सुधार विभाग के प्रधान सचिव व प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के सदस्य सचिव पद पर भी हैं. श्री मीणा के पास इन दोनों विभाग का भी अतिरिक्त प्रभार रहेगा. आइएएस वरुण रॉय को पर्यटन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही पीएचइ विभाग के प्रधान सचिव आइएएस सुरेंद्र गुप्ता को प्रेसीडेंसी डिवीजन का डिवीजनल कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार साैंपा गया है. आइएएस अत्रि भट्टाचार्य को सुंदरवन विकास विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
