कोलकाता. मंगलवार सुबह दक्षिणेश्वर और नोआपाड़ा मेट्रो स्टेशन के बीच अचानक यांत्रिक समस्या सामने आने के कारण मेट्रो सेवा कुछ समय के लिए ठप हो गयी. हालांकि, नोआपाड़ा से शहीद खुदीराम मेट्रो स्टेशन तक ट्रेन परिचालन सामान्य रहा. सप्ताह के दूसरे कार्य दिवस होने के कारण मेट्रो में भारी भीड़ थी. दक्षिणेश्वर स्टेशन पर अचानक सेवा बंद होने से यात्रियों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गयी और कई लोग लंबे समय तक प्रतीक्षा करते रहे. सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे दक्षिणेश्वर मेट्रो लाइन के एक प्वाइंट पर यांत्रिक समस्या पायी गयी. इसके कारण ट्रेन संचालन बाधित हो गया. गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में अत्यधिक बारिश और यांत्रिक गड़बड़ी के कारण कई बार मेट्रो सेवा रोकनी पड़ी है. मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि समस्या का समाधान तुरंत किया गया और लाइन को सुरक्षित कर परिचालन बहाल कर दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
