बीमार व सूख चुके पेड़ों का नगर निगम कर रहा है सर्वे

महानगर में हरियाली बहाल रखने के लिए पेड़-पौधों के संरक्षण पर जोर दिया जा रहा है. शहर में पर्यावरण बचाने की जिम्मेदारी कोलकाता नगर निगम पर है.

कोलकाता के 20 वार्डों में 209 पेड़ क्षतिग्रस्त पाये गये, 49 को तत्काल काटने की जरूरत, वन विभाग से लेनी होगी अनुमति

शिव कुमार राउत, कोलकातामहानगर में हरियाली बहाल रखने के लिए पेड़-पौधों के संरक्षण पर जोर दिया जा रहा है. शहर में पर्यावरण बचाने की जिम्मेदारी कोलकाता नगर निगम पर है. निगम के पार्क एंड स्क्वायर विभाग अब बीमार, टेढ़े हो चुके, क्षतिग्रस्त व सूख चुके पेड़ों को चिन्हित करने के लिए सर्वे अभियान चला रहा है. दुर्गापूजा से पहले 90 फीसदी सर्वे को पूरा करने का लक्ष्य है. निगम सूत्रों के अनुसार, अब तक आठ बोरो में यह सर्वे लगभग पूरा हो चुका है. कोलकाता के सभी 16 बोरो में यह सर्वे किया जायेगा.

क्यों किया जा रहा है सर्वे : निगम के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता में मॉनसून, आंधी-तूफान के कारण पेड़ गिरते रहते हैं. कई बार जान-माल की भी हानि होती है. ऐसे में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पेड़ों का सर्वे किया जा रहा है. इस दौरान बीमार, झुके हुए, क्षतिग्रस्त व सूख चुके पेड़ों को चिन्हित किया जा रहा है. सर्वे में चिन्हित क्षतिग्रसत, बीमार, झुके और सूख चुके पेड़ों को काटने की योजना है. अधिकारी ने बताया कि अब तक आठ बोरो के 20 वार्डों में यह सर्वे किया गया है. यह काम दक्षिण कोलकाता में ज्यादा किया गया है. सर्वे के दौरान 160 टेढ़े हो चुके पेड़ मिले हैं. वहीं नौ पेड़ फंगल, बैक्टीरियल या वायरल संक्रमणों से ग्रसित पाये गये हैं. इसके अलावा 12 पेड़ जर्जर और 28 सूख चुके हैं. अधिकारी ने बताया कि ये ऐसे पेड़ है, जिन्हें तुरंत काटने की जरूरत है. क्योंकि इस तरह के पेड़ों के ही गिरने की संभावना रहती है.पार्क एंड स्क्वायर विभाग के एक वनस्पति विशेषज्ञ ने बताया कि आठ बोरो में अब तक हमने 209 पेड़ों को चिन्हित किया है. इनमें बीमार, जर्जर और सूख चुके 49 पेड़ों को तुरंत काटने की जरूरत हैं. पर हम वन विभाग की अनुमति के बगैर इन पेड़ों को नहीं काट सकते. इसके लिए जल्द ही वन विभाग से अनुमति मांगी जायेगी.

इन वार्डों में हो चुका है सर्वे

अब तक बोरो चार में गिरीश पार्क से विधानसरणी तक वार्ड 10,11,16 व 17 में सर्वे हो चुका है. इसके अलावा वार्ड 62 में मौलाली से बेक बागान, धर्मतला स्ट्रीट (वार्ड 46), हाजरा रोड (वार्ड 69,89), अलीपुर रोड (वार्ड 74) ,डीएल खान रोड (वार्ड 79), दक्षिण कोलकाता के रास बिहारी एवेन्यू स्थित वार्ड संख्या 67,83,84,85,86 व 87, एक्साइड क्रॉसिंग से हाजरा क्रॉसिंग वार्ड संख्या 71 व 72, हरीश मुखर्जी स्थित वार्ड संख्या 73 और वार्ड 92 व 93 में सर्वे लगभग पूरा हो चुका है.

झुके पेड़ों को बचाने की कोशिश

झुके पेड़ों को बचाने की कोशिश की जा रही है. पर, इनका ट्रांसप्लांट यानी एक स्थान से दूसरे स्थान पर लगाना संभव नहीं है. इन पेड़ों को बचाने के लिए इनकी ट्रिमिंग की योजना है. ताकि, इनका बोझ कुछ कम किया जा सके. इस प्रयोग के बाद भी अगर पेड़ सीधा नहीं होते हैं, तो इन्हें भी काटा जायेगा. ज्ञात हो कि कोलकाता नगर निगम द्वारा कोलकाता में पेड़ों की संख्या सह उनकी जाति व प्रजातियों को जानने के लिए गणना भी की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >