परिसर में बने जलाशयों की घेराबंदी करायेगी जेयू

जादवपुर यूनिवर्सिटी (जेयू) ने अपने मुख्य परिसर में स्थित जलाशयों की जल्द घेराबंदी कराने और पूरे परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था करने का निर्णय लिया है.

कोलकाता. जादवपुर यूनिवर्सिटी (जेयू) ने अपने मुख्य परिसर में स्थित जलाशयों की जल्द घेराबंदी कराने और पूरे परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था करने का निर्णय लिया है. यूनिवर्सिटी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. यह कदम 11 सितंबर की रात कला संकाय छात्र संघ द्वारा संचालित नाटक क्लब द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान 21 साल की छात्रा अनामिका मंडल के डूबने की घटना के बाद उठाया गया है. अनामिका को रात लगभग 10.30 बजे एक स्थानीय अस्पताल में ले जाने पर मृत घोषित किया गया था. जेयू के प्रो वाइस चांसलर अमिताभ दत्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा आहूत एक आपात बैठक में यह निर्णय लिया गया कि वित्तीय बाधाओं के बावजूद परिसर के अंदर जलाशयों की घेराबंदी करायी जायेगी, ताकि कोई भी जलाशयों के पास न जा सके और कोई अप्रिय घटना न घटे. उन्होंने बताया : हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विद्यार्थियों सहित सभी हितधारकों की सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हो. हालांकि प्रकाश व्यवस्था पर्यावरण के अनुकूल होनी चाहिए, ताकि हरित परिसर क्षेत्र के अंदर वनस्पतियों और जीवों पर कोई असर न पड़े. एक प्रश्न के उत्तर में दत्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय जल निकायों की घेराबंदी के लिए किसी भी कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल का स्वागत करेगा. एक अन्य अधिकारी ने बताया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के प्रतिनिधित्व के लिए एक अनुशासन समिति बनाने के प्रस्ताव पर भी विचार करेगा, जो केवल परिसर में अनुचित व्यवहार या गैरकानूनी गतिविधियों के मामलों में ही कार्रवाई करेगी और इस मुद्दे को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठायेगी. इस बीच, कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और सुरक्षा गार्डों से बात की, ताकि पता लगाया जा सके कि उस रात को 10 से 10.30 बजे के बीच वास्तव में क्या हुआ था. जादवपुर विश्वविद्यालय में अंग्रेजी साहित्य की पढ़ाई कर रही छात्रा के माता-पिता ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए सोमवार को कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की. ध्यान रहे, जादवपुर विश्वविद्यालय की अंग्रेजी साहित्य की छात्रा 11 सितंबर की रात परिसर के अंदर एक जलाशय में बेहोश पायी गयी थी और उसे पास के एक अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था. माता-पिता ने बाद में जादवपुर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इस घटना को लेकर फिर से जादवपुर यूनिवर्सिटी चर्चा में है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >