तृणमूल सरकार अब पूरी तरह हो चुकी है भ्रष्ट : हुमायूं कबीर

तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित होने और मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद के शिलान्यास को लेकर सुर्खियों में आये हुमायूं कबीर ने जनता उन्नयन पार्टी का गठन किया है. इसी क्रम में सोमवार को उन्होंने मध्य हावड़ा के टिकियापाड़ा स्थित हराचांद मुखर्जी लेन में अपनी पार्टी के नये जिला कार्यालय का उद्घाटन किया.

हावड़ा.

तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित होने और मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद के शिलान्यास को लेकर सुर्खियों में आये हुमायूं कबीर ने जनता उन्नयन पार्टी का गठन किया है. इसी क्रम में सोमवार को उन्होंने मध्य हावड़ा के टिकियापाड़ा स्थित हराचांद मुखर्जी लेन में अपनी पार्टी के नये जिला कार्यालय का उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस बार उनका लक्ष्य नबान्न में सत्ता हासिल करना है. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने सभी को साथ लेकर जिस दल का गठन किया था, वह अब भ्रष्ट हो चुका है और जनता यह बात समझ चुकी है. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी हो गया है और इस दल को जड़ से उखाड़ना होगा. विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के अकेले उतरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कई दलों से बातचीत हुई है. उनकी चर्चा मोहम्मद सलीम, नौशाद सिद्दीकी सहित अन्य नेताओं से हुई है. जल्द ही इस पर अंतिम फैसला लिया जायेगा. चुनाव की तारीख घोषित होते ही उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जायेगी. हुमायूं कबीर ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी दोबारा सत्ता में आने के लिए झूठे वादे कर रही हैं. उन्होंने दावा किया कि इस बार भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस दोनों को हराकर उनकी पार्टी सत्ता में आयेगी.

दल नहीं, व्यक्तिगत तौर पर सलीम को विधायक बनते देखना चाहता हूं, अधीर का भी किया समर्थन

जनता उन्नयनेर पार्टी (जेयूपी) का गठन करने वाले भरतपुर के विधायक हुमायूं कबीर ने साफ किया है कि उनका किसी दल के साथ औपचारिक गठबंधन में नहीं है, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मोहम्मद सलीम और अधीर रंजन चौधरी का समर्थन करेंगे. हाल के दिनों में कथित तौर पर एक होटल में हुमायूं और सलीम की बैठक को लेकर वाम खेमे में विवाद खड़ा हो गया था. सहयोगी दलों, खासकर फॉरवर्ड ब्लॉक ने इस बैठक पर आपत्ति जतायी थी. सोमवार को मीडिया से बातचीत में हुमायूं ने कहा कि अगर अधीर रंजन चौधरी हाथ के निशान पर चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें हराने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जायेगा, बल्कि उन्हें जीत दिलाने की कोशिश की जायेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि यदि मोहम्मद सलीम मुर्शिदाबाद की किसी सीट से चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें विधायक बनाकर विधानसभा भेजने का प्रयास करेंगे. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह वाममोर्चा के साथ नहीं हैं. उन्होंने फॉरवर्ड ब्लॉक पर कटाक्ष करते हुए उसे अस्तित्वहीन दल बताया. इससे साफ है कि वह संगठनात्मक गठबंधन से दूरी रखते हुए व्यक्तिगत समीकरण साधने की रणनीति अपना रहे हैं. हुमायूं ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व पर भी गंभीर आरोप लगाये और दावा किया कि कुछ नेताओं के बीच आर्थिक समझौते हुए हैं. हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bijay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >