भाजपा के समर्थन से बनूंगा मुख्यमंत्री

जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक और तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर विधानसभा चुनाव से पहले ही नतीजों को लेकर आत्मविश्वास से भरे नजर आ रहे हैं.

बोले हुमायूं कबीर

चुनाव बाद सरकार बनाने का दावा तृणमूल कांग्रेस ने बताया भाजपा की ‘बी-टीम’

संवाददाता, कोलकाता

जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक और तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर विधानसभा चुनाव से पहले ही नतीजों को लेकर आत्मविश्वास से भरे नजर आ रहे हैं. उन्होंने दावा किया है कि भाजपा के समर्थन से वह चुनाव के बाद राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे. मुर्शिदाबाद के रेजिनगर में संवाददाताओं से बातचीत में हुमायूं कबीर ने कहा कि वह चुनाव में खुद को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में जनता के सामने पेश करेंगे. उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत से पार्टी का गठन कर चुनाव लड़ रहे हैं और जनता उन्हें भरोसे के साथ वोट देगी. हुमायूं ने दावा किया कि उनकी पार्टी 100 से 110 सीटें जीतेगी और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी. उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को 99 सीटें मिलती हैं, तो उसे मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार करना होगा. सरकार गठन के लिए भाजपा का समर्थन लेने में उन्हें कोई हिचक नहीं होगी. हुमायूं कबीर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह भाजपा के सहयोग से सरकार बनायेंगे. हुमायूं कबीर के इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. तृणमूल नेताओं ने कहा कि इससे स्पष्ट हो गया है कि हुमायूं कबीर भाजपा की कठपुतली हैं और भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि हुमायूं कबीर भाजपा की ‘बी-टीम’ बनकर चुनाव जीतने का सपना देख रहे हैं. अपने दावे के समर्थन में हुमायूं कबीर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि कम सीटें मिलने के बावजूद भी मुख्यमंत्री बना जा सकता है. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की स्थिति में भी आ सकती है. जब उनसे पूछा गया कि तृणमूल कांग्रेस को कितनी सीटें मिल सकती हैं, तो उन्होंने कहा कि तृणमूल को 70 से 75 सीटें मिल सकती हैं. उन्होंने दोहराया कि चुनाव के बाद वही सरकार बनायेंगे और मुख्यमंत्री बनेंगे. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनकी लड़ाई तृणमूल और भाजपा दोनों के खिलाफ है, लेकिन चुनाव के बाद कोई भी दल सरकार में शामिल हो सकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >