संवाददाता, कोलकाता
दक्षिण 24 परगना के संतोषपुर रेलवे स्टेशन पर बने अनधिकृत दुकानों में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गयी. सुबह सात बजे के करीब स्टेशन के एक नंबर प्लेटफॉर्म से सटीं झुग्गीनुमा दुकानों में आग भड़क उठी. कुछ ही मिनटों में काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया और प्लेटफॉर्म पर फुट ओवरब्रिज भी धुएं से ढक गया. घटना के कारण अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित हुईं.
पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि आग ने कुछ दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया था, लेकिन उसे नियंत्रित कर लिया गया. इसके बाद ट्रेन सेवाएं सुबह करीब साढ़े नौ बजे दोबारा बहाल हो गयीं. उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है.
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोग पहले खुद ही पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे. तुरंत दमकल विभाग को खबर दी गयी. शुरुआती चरण में दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता देखते हुए और दो गाड़ियां वहां लायी गयीं. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि झुग्गी दुकानों में ज्वलनशील सामग्री रखी गयी हो सकती है.
इससे आग तेजी से फैली और आसपास की झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि, आग लगने की असली वजह का अब तक पता नहीं चल सका है. दमकलकर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने के बाद ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
