खास बातें
Hingalganj OC Suspended: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान से पहले निर्वाचन आयोग (ECI) एक्शन मोड में है. उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज थाने के प्रभारी अधिकारी (OC) संदीप सरकार को पक्षपात और स्थानीय तत्वों से सांठ-गांठ के गंभीर आरोपों के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. इलेक्शन कमीशन ने थाना प्रभारी को हटाने के साथ-साथ उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के भी निर्देश राज्य सरकार को दिये हैं.
CEO की सीक्रेट रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई
चुनाव आयोग ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज अग्रवाल की एक गोपनीय रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है. 21 अप्रैल को भेजी गयी रिपोर्ट में ओसी संदीप सरकार और ‘स्थानीय तत्वों’ के बीच सांठ-गांठ का जिक्र किया गया था.
चुनाव आयोग ने मुख्य सचिव को लिखी चिट्ठी
मुख्य सचिव दुष्यंत नरियाला को भेजे पत्र में आयोग ने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए संदीप सरकार को हटाना जरूरी है. आयोग ने हिंगलगंज के ओसी के रिक्त पद को भरने के लिए राज्य सरकार से जल्द से जल्द नये अधिकारियों के नामों का प्रस्ताव मांगा है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Hingalganj से रेखा पात्रा मैदान में
थाना प्रभारी पर कार्रवाई महत्वपूर्ण है, क्योंकि हिंगलगंज सीट इस बार के चुनाव में सबसे चर्चित हॉट-सीटों में से एक है. संदेशखाली आंदोलन का चेहरा रहीं रेखा पात्रा यहां से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार हैं. उनके खिलाफ तृणमूल कांग्रेस ने आनंद सरकार को उतारा है. भारत-बांग्लादेश सीमा के पास स्थित इस संवेदनशील क्षेत्र में 29 अप्रैल को दूसरे चरण के तहत मतदान होना है.
इसे भी पढ़ें : बंगाल चुनाव में बड़ी लापरवाही, एक साथ खाना खाने चले गये मतदानकर्मी, आयोग ने पूरी टीम को किया सस्पेंड
निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं : चुनाव आयोग
निर्वाचन आयोग ने साफ कर दिया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी अधिकारी का व्यवहार अगर पक्षपातपूर्ण पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जायेगा. हिंगलगंज में ओसी का निलंबन अन्य अधिकारियों के लिए भी बड़ी चेतावनी है. प्रशासन अब मतदान से पहले इलाके में सुरक्षा और निष्पक्षता बहाल करने की कोशिशों में जुटा है, ताकि मतदाता बिना किसी डर या दबाव के वोट डाल सकें.
इसे भी पढ़ें
संदेशखाली ममता बनर्जी के लिए खतरे की घंटी? जानिए 2026 का समीकरण और जमीनी हकीकत
BJP के 3 एजेंट और संदेशखाली में महिलाओं का सौदा, क्या है अभिषेक बनर्जी की नयी थ्योरी?
उत्तर बंगाल का ‘किंगमेकर’ कौन? 40 सीटों पर राजबंशी वोटों के लिए TMC और BJP में आर-पार की जंग
