बशीरहाट से मनोरंजन कुमार सिंह की रिपोर्ट
हिंगलगंज के साहेबखाली इलाके में कालिंदी नदी के बांध में करीब 300 फुट का धंसाव होने से आसपास के गांवों में दहशत फैल गयी है. इस घटना के बाद क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है और लोग आशंका जता रहे हैं कि नदी का पानी किसी भी समय घरों, खेतों और तालाबों में घुस सकता है.
स्थायी कंक्रीट बांध निर्माण की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार बांध पहले से ही कमजोर स्थिति में था. अचानक बड़े पैमाने पर धंसाव होने से साहेबखाली सहित आसपास के गांवों के लोग भयभीत हैं. ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें आशंका है कि यदि स्थिति बिगड़ी, तो भारी नुकसान हो सकता है. लोगों ने 2009 के आयला और 2020 के अम्फान चक्रवात की याद करते हुए स्थायी कंक्रीट बांध निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पूरी स्थिति पर प्रशासन की नजर
इस संबंध में हिंगलगंज के बीडीओ देवदास गंगोपाध्याय ने कहा कि घटना की जानकारी मिल गयी है और सिंचाई विभाग को सूचित कर दिया गया है. विभाग की ओर से आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाये हुए है. उन्होंने यह भी कहा कि अभी वे मौके पर नहीं पहुंचे हैं, लेकिन रिपोर्ट के आधार पर जरूरत पड़ने पर आपदा प्रबंधन टीम भेजी जायेगी.
Also Read: बंगाल में तेज विकास चाहती है भाजपा, विशेष आर्थिक पैकेज देने से फिलहाल बच रहा केंद्र
