संवाददाता, कोलकाता
शुक्रवार दोपहर को फिर से महानगर व आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे सड़कें जलमग्न हो गयीं और लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, राज्य से माॅनसून धीरे-धीरे विदा हो रहा है और अगले सप्ताह से मौसम साफ हो जायेगा. हालांकि, शुक्रवार की भारी बारिश से महानगर में फिर से जल जमाव हो गया. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल में शनिवार तक गरज के साथ बारिश की संभावना है. कोलकाता, हावड़ा, हुगली, नदिया और उत्तर 24 परगना में रविवार तक हल्की बारिश जारी रहने का अनुमान है. इसके बाद मौसम साफ हो जायेगा. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह तक कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. उप-हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
