फॉरवर्ड ब्लॉक ने अलग प्रार्थी उतारने के दिये संकेत

विधानसभा चुनाव की तारीखें नजदीक आते ही सीट बंटवारे को लेकर वाममोर्चा में मतभेद उभरने लगे हैं.

मध्यमग्राम सीट पर बढ़ा विवाद : वाममोर्चा ने अबतक 240 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का किया है एलान

सहयोगी दलों के बीच बढ़ती दरारें चुनावी मैदान में वाममोर्चा की स्थिति को और कमजोर कर सकती हैं

संवाददाता, कोलकाताविधानसभा चुनाव की तारीखें नजदीक आते ही सीट बंटवारे को लेकर वाममोर्चा में मतभेद उभरने लगे हैं. खासकर माकपा और फॉरवर्ड ब्लॉक के बीच मध्यमग्राम सीट को लेकर टकराव बढ़ता दिख रहा है. ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जनरल सेक्रेटरी नरेन चटर्जी ने मध्यमग्राम सीट इंडियन सेकुलर फ्रंट (आइएसएफ) के लिए छोड़े जाने पर नाराजगी जाहिर की है. सूत्रों के अनुसार, उन्होंने माकपा के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम को स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी को आवंटित सीटों में किसी तरह की कटौती या बदलाव स्वीकार नहीं किया जायेगा. बताया जा रहा है कि फॉरवर्ड ब्लॉक अब वामे-आइएसएफ गठबंधन से अलग रुख अपनाते हुए मध्यमग्राम सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रहा है.

वाममोर्चा ने 294 विधानसभा सीटों में से तीन चरणों में कुल 240 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. इनमें सहयोगी दल फॉरवर्ड ब्लॉक को 24 सीटें दी गयी हैं. इसके बावजूद पार्टी नेतृत्व असंतुष्ट नजर आ रहा है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि आइएसएफ के साथ गठबंधन को लेकर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन मध्यमग्राम और देगंगा सीटों पर फॉरवर्ड ब्लॉक अपने उम्मीदवार उतारना चाहता था. हालांकि, आइएसएफ के संस्थापक नौशाद सिद्दिकी द्वारा जारी सूची में इन दोनों सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिये गये, जिससे विवाद और गहरा गया.

सूत्रों के मुताबिक, इन सीटों को फॉरवर्ड ब्लॉक की मांगों की अनदेखी करते हुए आइएसएफ के लिए छोड़ दिया गया. मध्यमग्राम सीट से आइएसएफ की उम्मीदवार प्रियंका बर्मन हैं, जिसे फॉरवर्ड ब्लॉक स्वीकार करने को तैयार नहीं है. इसी कारण पार्टी ने यहां से अलग उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है. गौरतलब है कि 2011 के बाद से वाममार्चा लगातार चुनावी हार का सामना कर रहा है और शून्य पर पहुंच चुका है. इस स्थिति से उबरने के लिए गठबंधन और नये चेहरों को आगे लाने की रणनीति अपनायी जा रही है. हालांकि, सहयोगी दलों के बीच बढ़ती दरारें चुनावी मैदान में वाममोर्चा की स्थिति को और कमजोर कर सकती हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >