दुर्घटना में हुगली के पांच पर्यटकों की मौत

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में रविवार देर शाम भयानक सड़क हादसे में हुगली जिले के डानकुनी के रहने वाले पांच पर्यटकों की मौत हो गयी, जबकि पांच के घायल होने की खबर है.

हादसा छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में हुआ

बोलेरो व ट्रक में हो गयी भिड़ंत

कान्हा नेशनल पार्क से बिलासपुर स्टेशन लौट रहे थे बोलेरो में सवार 10 पर्यटक

छत्तीसगढ़ / हुगली. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में रविवार देर शाम भयानक सड़क हादसे में हुगली जिले के डानकुनी के रहने वाले पांच पर्यटकों की मौत हो गयी, जबकि पांच के घायल होने की खबर है. मृतक सभी डानकुनी श्रीरामकृष्ण विद्याश्रम उच्च बालिका विद्यालय की शिक्षिकाएं और उनके परिजन बताये जा रहे हैं. यह सड़क हादसा जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र के अकलघरिया गांव के पास रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे- 30 पर हुआ. यहां ट्रक और बोलेरो में जबरदस्त टक्कर हो गयी, जिसमें बोलेरो में बैठे पांच पर्यटकों की मौत हो गयी और पांच बुरी तरह से घायल हो गये. घटना की खबर पाकर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची. चिल्फी थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि कार सवार लोग एमपी कान्हा नेशनल पार्क घूमने गये थे. रविवार रात को उनकी बिलासपुर से ट्रेन थी. जिसकी वजह से वे गाड़ी बुक करके बिलासपुर स्टेशन जा रहे थे. कबीरधाम जिले के एडिशनल एसपी पंकज कुमार पटेल ने बताया कि रविवार शाम 4.30 बजे कार की ट्रक से टक्कर हो गयी. कार में चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे, जिसमें तीन महिला, एक पुरुष और एक बच्ची की मौत हुई है. बाकी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं. उन्होंने बताया कि ये सभी लोग पर्यटक हैं. घायलों में दो को जिला अस्पताल और एक को बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. गंभीर रूप से घायल दो को रायपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, इस घटना की खबर मिलते ही डानकुनी में शोक की लहर है. परिजन बिलासपुर के रवाना हो गये हैं. हुगली जिला परिषद के शिक्षा कर्माध्यक्ष डाॅ सुबीर मुखोपाध्याय ने स्कूल की प्रधान शिक्षिका से संपर्क कर घटना की जानकारी ली और कहा कि उन्होंने डीएम मुक्ता आर्य और एडीएम अमितेंदू पाल से इस बाबत बात की है. प्रशासन की ओर से हर संभव मदद दिये जाने का उन्होंने भरोसा दिलाया है. उन्होंने बताया कि दुर्घटना में स्कूल की वर्तमान और पूर्व शिक्षिकाएं दोनों शामिल थीं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >