बांग्लादेश के हालात के पीछे कट्टरपंथी : शमिक

भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य शमिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को बांग्लादेश में मौजूदा हालात पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि पड़ोसी देश में चल रहे घटनाक्रम के पीछे कट्टरपंथी ताकतों का हाथ है.

कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य शमिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को बांग्लादेश में मौजूदा हालात पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि पड़ोसी देश में चल रहे घटनाक्रम के पीछे कट्टरपंथी ताकतों का हाथ है और ऐसा प्रतीत होता है कि स्थिति पर उन्हीं का नियंत्रण है. एक संवाददाता सम्मेलन में भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय हालात से उचित ढंग से निपट रहे हैं और परिस्थिति के अनुरूप जवाब दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में कट्टरपंथ और चरमपंथ कैंसर की तरह फैल रहा है और सभी सही सोच वाले लोगों को इस खतरे के खिलाफ एकजुट होना चाहिए. भट्टाचार्य ने कहा, “1980 के दशक से ही बांग्लादेश में कट्टरपंथी ताकतें अपनी जड़ें जमा रही हैं और अब यह खतरा हदें पार कर चुका है. जैसा कि गुरुवार रात देखा गया, स्वतंत्र विचारक और उदारवादी लोग भी हमलों का शिकार हो रहे हैं. पूरी दुनिया आज कट्टरपंथ का खामियाजा भुगत रही है. केवल एक राष्ट्रवादी सरकार और पार्टी ही ऐसी चुनौतियों का सामना कर सकती है.”

उल्लेखनीय है कि जुलाई विद्रोह के प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की मृत्यु के बाद शुक्रवार को बांग्लादेश में तनाव फैल गया. इसके चलते देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन, हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आयीं. हालांकि शुक्रवार सुबह किसी नयी हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली, लेकिन प्रदर्शनकारियों को बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के आवास 32 धानमंडी की पहले से ध्वस्त इमारत में तोड़फोड़ करते देखा गया. मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस द्वारा राष्ट्र को संबोधित टेलीविजन भाषण में इंकलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत की पुष्टि किये जाने के बाद गुरुवार रात को चटगांव स्थित भारतीय सहायक उच्चायुक्त के आवास पर पथराव हुआ. इसके अलावा देश के कई अन्य हिस्सों में भी हमले और तोड़फोड़ की घटनाएं दर्ज की गयीं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >