सुनवाई में बुजुर्ग व बीमार वोटरों को हो रही परेशानी

चुनाव आयोग द्वारा बुजुर्ग और बीमार मतदाताओं को एसआइआर की सुनवाई के लिए हीयरिंग सेंटर पर न बुलाकर उनके घर पर ही सुनवाई करने के निर्देश दिये गये हैं.

पानीहाटी और अशोकनगर में हीयरिंग को लेकर विवाद

विधायकों ने जतायी नाराजगी

प्रतिनिधि, बैरकपुर

चुनाव आयोग द्वारा बुजुर्ग और बीमार मतदाताओं को एसआइआर की सुनवाई के लिए हीयरिंग सेंटर पर न बुलाकर उनके घर पर ही सुनवाई करने के निर्देश दिये गये हैं. इसके बावजूद कई स्थानों पर बीमार और बुजुर्गों को हीयरिंग सेंटर बुलाकर परेशान किये जाने के आरोप सामने आये हैं. ऐसा ही एक मामला उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र में सामने आया है. जानकारी के अनुसार, पानीहाटी के सोदेपुर हाई स्कूल स्थित हीयरिंग सेंटर में वार्ड-12 के इंदिरा कॉलोनी निवासी नारायण हल्दर (80) को सुनवाई के लिए बुलाया गया. नारायण हल्दर बीमार हैं और उन्हें व्हीलचेयर पर हीयरिंग सेंटर पहुंचना पड़ा. उन्होंने बताया कि उनका नाम 2002 की मतदाता सूची में नहीं है और फॉर्म में किस स्तर पर गलती हुई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है. उनका कहना है कि नोटिस मिलने के बाद उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया. इस मामले को लेकर पानीहाटी के विधायक निर्मल घोष ने चुनाव आयोग पर अमानवीयता और उत्पीड़न का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि स्पष्ट निर्देशों के बावजूद बीमार और बुजुर्ग मतदाताओं को हीयरिंग सेंटर बुलाना संवेदनहीनता का परिचायक है.

इधर, अशोकनगर में भी इसी तरह की शिकायतें सामने आयी हैं. आरोप है कि अशोकनगर के दो बूथों के कुल 492 मतदाताओं को, जबकि उनके नाम 2002 की मतदाता सूची में दर्ज हैं, फिर भी सुनवाई के लिए बुलाया गया. हालांकि, दोनों बूथों के बीएलओ का दावा है कि नामों की वर्तनी में गड़बड़ी, गलत वोटर कार्ड नंबर सहित अन्य त्रुटियों के कारण संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है. अशोकनगर के विधायक नारायण गोस्वामी ने इस पूरे मामले को सही मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश करार दिया है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक भी सही मतदाता का नाम सूची से बाहर किया गया, तो आंदोलन किया जायेगा. उन्होंने बताया कि अशोकनगर के एक नंबर वार्ड स्थित बूथ नंबर 162 के 251 मतदाताओं के नाम अनमैप कर दिये गये हैं, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >