कोलकाता एयरपोर्ट पर कन्वेयर बेल्ट फेल, यात्रियों को हुई परेशानी

रविवार को सी पोर्टल की सेवाओं को ए बी पोर्टल पर स्थानांतरित किया गया, लेकिन बताया जा रहा है कि वहां भी नयी तकनीकी समस्या सामने आ गयी.

कोलकाता. नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (कोलकाता एयरपोर्ट) पर शनिवार रात कन्वेयर बेल्ट खराब होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कन्वेयर बेल्ट सिस्टम में खराबी के कारण यात्रियों का चेक-इन किया हुआ सामान समय पर बैगेज क्लेम एरिया तक नहीं पहुंच सका, जिससे कई उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ा. जानकारी के अनुसार, शनिवार रात कोलकाता एयरपोर्ट के सी पोर्टल के कन्वेयर बेल्ट सिस्टम में तकनीकी खराबी देखी गयी. सामान्य रूप से कन्वेयर बेल्ट के जरिए यात्रियों का चेक-इन किया हुआ सामान सीधे विमान और फिर बैगेज क्लेम एरिया तक पहुंचता है, लेकिन सिस्टम ठप होने के कारण एयरपोर्ट कर्मचारियों को सामान हाथों से ले जाना पड़ा. इसके चलते कई मामलों में विमान समय पर टेकऑफ नहीं कर सके. रविवार को सी पोर्टल की सेवाओं को ए बी पोर्टल पर स्थानांतरित किया गया, लेकिन बताया जा रहा है कि वहां भी नयी तकनीकी समस्या सामने आ गयी. कई यात्रियों ने शिकायत की है कि उन्हें उनका सामान उनके गंतव्य पर नहीं मिला. सूत्रों के मुताबिक, शनिवार रात 10.53 बजे चंडीगढ़ से कोलकाता पहुंची इंडिगो की एक उड़ान के बाद यात्रियों को विशेष रूप से परेशानी हुई. वेदांग दीवान नामक यात्री ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल के माध्यम से शिकायत करते हुए बताया कि इंडिगो और एयरपोर्ट प्रशासन की लापरवाही के कारण यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. उनके अनुसार, बेल्ट नंबर 4 की घोषणा की गयी थी और बैगेज डिलीवरी रात 11.05 बजे शुरू हुई.

11.21 बजे तक मुश्किल से 5-10 बैग आने के बाद टीवी स्क्रीन पर अचानक ‘बैगेज डिलीवरी पूरी हुई’ का संदेश फ्लैश होने लगा, जबकि आधे से अधिक यात्री अब भी अपने सामान का इंतजार कर रहे थे. यात्रियों के विरोध और शोर मचाने पर पता चला कि मैकेनिकल कन्वेयर बेल्ट खराब हो गया है.डिलीवरी दोबारा शुरू होने के बाद भी अगले 12 मिनट तक एक भी बैग नहीं आया.

यात्रियों का आरोप है कि इस पूरी समस्या के दौरान इंडिगो का कोई भी ग्राउंड स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं था. जब कुछ कर्मचारी पहुंचे भी, तो वे समस्या के समाधान के बजाय आपस में बातचीत करते नजर आये. यात्रियों ने मेट्रो शहर होने के बावजूद एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे और रखरखाव पर सवाल उठाते हुए कहा कि संकट से निपटने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >