नवंबर में होगी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा

पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाला है. उससे पहले राज्य सरकार रोजगार के जरिये एक राजनीतिक संदेश देने की कोशिश कर रही है.

सरकार ने 15 % विशेष कोटा सिविक वॉलंटियर के लिए किया निर्धारित

सिविक वॉलंटियर, विलेज पुलिस कर्मी ले सकेंगे हिस्सा, सरकार ने नियमों में किया बदलाव

संवाददाता, कोलकातापश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाला है. उससे पहले राज्य सरकार रोजगार के जरिये एक राजनीतिक संदेश देने की कोशिश कर रही है. इसी सिलसिले में राज्य सचिवालय नबान्न ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया में कई बदलाव करने का फैसला किया है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, त्योहारों का मौसम खत्म होते ही राज्य सरकार कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आयोजित करेगी. यह निर्णय लिया गया है कि नागरिक स्वयंसेवक (सिविक वॉलंटियर), विलेज पुलिस और अन्य सहयोगी पुलिस कर्मी इस साल से पहली बार कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल हो सकेंगे. खबर है कि इस भर्ती में उनके लिए एक विशेष कोटा होगा. फैसले के अनुसार सहायक पुलिस कर्मियों के लिए कांस्टेबल भर्ती में 15 प्रतिशत कोटा निर्धारित किया गया है. साथ ही उनके लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष रखी गयी है. अभी तक नियमों के अनुसार, सहयोगी पुलिस कर्मी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में सीधे तौर पर भाग नहीं ले सकते थे. नतीजतन उनमें लंबे समय से रोष व्याप्त था. कई शिक्षित युवाओं को नागरिक या अन्य सहयोगी पदों पर नौकरी तो मिल जाती थी, लेकिन स्थायी रोजगार का कोई अवसर न होने के कारण वे निराश हो जाते थे. बताया जा रहा है कि राज्य सरकार ने हाल ही में पश्चिम बंगाल पुलिस कल्याण समिति के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है. कल्याण समिति के पदाधिकारी कई दिनों से सहायक कर्मचारियों की मांगों को लेकर गृह विभाग से संपर्क कर रहे थे. उनका प्रस्ताव था कि सिविक वॉलंटियर और अन्य सहायक कर्मचारियों के लिए अलग कोटा निर्धारित किया जाये और आयु सीमा में विशेष छूट दी जाये. कई दौर की बैठकों के बाद नबान्न ने आखिरकार इसे हरी झंडी दे दी. इसके परिणामस्वरूप लंबे समय से कार्यरत सिविक व विलेज पुलिसकर्मी को भी परीक्षा में भाग लेने का अवसर मिलेगा. राज्य पुलिस सूत्रों के अनुसार, त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद नवंबर में कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आयोजित की जायेगी. अनुमान है कि इस बार कम से कम 5,000 सहायक कर्मचारी परीक्षा में शामिल होंगे.

पश्चिम बंगाल पुलिस कल्याण समिति ने ऑनलाइन प्रशिक्षण शुरू करने की पहल की है. कर्मी घर बैठे अपने खाली समय में परीक्षा की तैयारी कर सकें, इसके लिए व्यवस्था की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >