सीएम ने की एसएसकेएम के लिए 10 लाख के पुरस्कार की घोषणा

एसएसकेएम अस्पताल (पीजी) को ब्रिक्स नेटवर्क में शामिल किया गया है, जिसने राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया आयाम जोड़ा है.

संवाददाता, कोलकाता

एसएसकेएम अस्पताल (पीजी) को ब्रिक्स नेटवर्क में शामिल किया गया है, जिसने राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया आयाम जोड़ा है. सोमवार को एसएसकेएम के नवनिर्मित वुडबर्न 2 ””अनन्यो”” का उद्घाटन किया गया. सीएम ममता बनर्जी ने इसका उद्घाटन किया. इस अवसर पर सीएम के सामने अस्पताल के निर्देशक प्रो डॉ मणिमय बंद्योपाध्याय ने इसकी घोषणा की. यह सुनकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बेहद खुश हुईं.

उन्होंने मंच पर खड़े होकर इस ऐतिहासिक क्षण का जश्न मनाने के लिए अस्पताल प्रशासन को 10 लाख रुपये की वित्तीय राशि देने की घोषणा की. इस सफलता से अभिभूत मुख्यमंत्री ने कहा : हमारी ओर से चिकित्सकों के लिए एक छोटा-सा उपहार है, ताकि आप सभी चिकित्सक एक साथ मिल कर थोड़ा गेट टू गेदर कर सकें. आप चिकित्सकों को तनावमुक्त रहना भी जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ओर से यह राशि आनंद करने के लिए दी जा रही है. इस अवसर पर प्रो मणिमय बंद्योपाध्याय ने बताया कि पिछले दो महीनों से मुख्यमंत्री की उपस्थिति का इंतजार था, इसलिए अब तक इस जानकारी को गुप्त रखी गयी थी. उधर, इस उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि मेडिक्लेम पर जीएसटी हटाने की मांग सबसे पहले उन्होंने ही की थी.

क्या है ब्रिक्स नेटवर्क :

ब्रिक्स नेटवर्क मुख्य रूप से ब्रिक्स नेटवर्क यूनिवर्सिटी के संदर्भ में इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द है, जो ब्रिक्स देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात) के प्रमुख विश्वविद्यालयों और शिक्षा संस्थानों का एक सहयोगी मंच है, जिसका उद्देश्य शैक्षिक, अनुसंधान और नवाचार में सहयोग बढ़ाना है. ब्रिक्स नेटवर्क में भारत से चुने गये 20 संस्थानों में से स्वास्थ्य क्षेत्र के केवल दो संस्थानों को ही जगह मिली है. एक पांडिचेरी से है, दूसरा पश्चिम बंगाल में आइपीजीएमईआर यानी एसएसकेएम है. यह अंतरराष्ट्रीय मान्यता एक बार फिर साबित करती है कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की गुणवत्ता में कितना सुधार हुआ है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >