पलाशीपाड़ा में एक युवक गिरफ्तार, दूसरा फरार
प्रतिनिधि,कल्याणी.
रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों द्वारा फर्जी जॉब लेटर देने का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है. आरोप है कि बेरोजगार युवकों से लाखों रुपये लेकर उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र थमाये गये.
कैसे हुई ठगी : गिरफ्तार युवक का नाम राकेश मंडल है, वह पलाशीपाड़ा के रुद्रनगर इलाके का निवासी है. बताया गया कि तेहट्टा के तारानगर निवासी अपू हाल्दार लंबे समय से नौकरी की तलाश में थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात राकेश मंडल और अनवर शेख से हुई. दोनों ने रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके बदले 12 लाख रुपये की मांग की. युवक ने दो साल पहले उन्हें करीब 5 लाख 47 हजार रुपये दे दिये. इसके बाद उसे रेलवे की नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप दिया गया.
फर्जी दस्तावेज का खुलासा
जब अपू हाल्दार ने नियुक्ति पत्र की जांच करायी तो पता चला कि दस्तावेज फर्जी हैं. इसके बाद जब युवक ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने टाल-मटोल शुरू कर दी. अंत में 2 नवंबर को युवक के परिजनों ने पलाशीपाड़ा थाने में शिकायत दर्ज करायी. शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने राकेश मंडल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अनवर शेख फरार बताया जा रहा है. पुलिस पूछताछ में यह भी पता चला कि दोनों युवक एक धोखाधड़ी गिरोह से जुड़े हुए हैं. राकेश मंडल को तेहट्टा महकमा अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है. पूछताछ जारी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
