खास बातें
Chandranath Rath Murder Case: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाने में पश्चिम बंगाल पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं. जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इस हत्याकांड में किसी गहरी साजिश और सुपारी किलर (Contract Killers) के शामिल होने के संकेत मिल रहे हैं.
डीजीपी ने साझा किये कई अहम सुराग
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए बेहद उन्नत हथियारों का इस्तेमाल किया और हाई-टेक प्लानिंग भी की. घटनास्थल पर पहुंचे राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) सिद्धनाथ गुप्ता ने कई ऐसे सुराग साझा किये हैं, जिससे इस बात के पुख्ता सबूत मिल रहे हैं कि यह मर्डर ‘प्री-प्लान्ड’ था.
हाई-टेक हथियार ‘ग्लॉक 47X’ से बरसायीं गोलियां?
फॉरेंसिक टीम और सीआईडी (CID) के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार सुबह घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किये. जांच में जो बातें सामने आयी हैं, वे हैरान करने वाली हैं. फॉरेंसिक जांच में पता चला है कि हमलावरों ने संभवतः Glock 47X पिस्तौल का इस्तेमाल किया था. ऐसे अत्याधुनिक हथियार आम अपराधी इस्तेमाल नहीं करते. इसलिए इसमें किसी ‘प्रोफेशनल गैंग’ के शामिल होने का शक गहरा गया है. पुलिस का अनुमान है कि हमलावरों ने 6 से 10 गोलियां चलायीं. मौके से कई खोखे और कारतूस भी बरामद हुए हैं.
इसे भी पढ़ें : चंद्रनाथ की मां का रो-रोकर बुरा हाल, कहा- भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार का बदला है मेरे बेटे का कत्ल
फर्जी नंबर प्लेट और मिटाया गया चेसिस नंबर
डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता ने बताया कि हमलावरों ने खुद को बचाने की पूरी तैयारी कर ली थी. पुलिस ने उस छोटी कार को जब्त कर लिया है, जिससे चंद्रनाथ की गाड़ी को रोका गया था. लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि उस पर लगी नंबर प्लेट फर्जी है. जब्त कार का इंजन और चेसिस नंबर पूरी तरह मिटा दिया गया है. नंबर प्लेट से पता चला कि कार सिलीगुड़ी के एक चाय बागान कर्मी के नाम पर दर्ज है. पुलिस को अंदेशा है कि हत्यारों ने जांच की दिशा भटकाने के लिए उस नंबर की नकल की थी.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
बुधवार रात करीब 10:30 बजे 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर लौट रहे थे. दोहरिया चौराहे के पास उन्हें गोलियों से भून दिया गया. पहले एक छोटी चारपहिया गाड़ी ने उनकी कार को घेरा और रफ्तार कम करने पर मजबूर किया. जैसे ही कार रुकी, पीछे से आये मोटरसाइकिल सवार शूटर्स ने खिड़की के पास पहुंचकर बेहद करीब से फायरिंग कर दी. चंद्रनाथ की मौत हो गयी और उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेड़ा अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : कब होगा शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत पीए चंद्रनाथ रथ का अंतिम संस्कार? भाजपा ने क्या कहा
Chandranath Rath Murder Case: एसआईटी करेगी पूरे मामले की जांच
डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता और सीआरपीएफ (CRPF) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने खुद मौके का मुआयना किया है. पुलिस अब मध्यमग्राम से लेकर आसपास के सभी रूटों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. क्या यह हत्या किसी राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है या इसके पीछे कोई पेशेवर रंजिश, इसकी पड़ताल के लिए एसआईटी (SIT) का गठन कर दिया गया है.
