WB Census Phase 1: पश्चिम बंगाल ने जनगणना के पहले चरण का 100 प्रतिशत क्षेत्रीय कार्य (Fieldwork) निर्धारित समयसीमा से 2 दिन पहले ही पूरा कर लिया. 14 सितंबर की समयसीमा से पहले इस चरण का काम पूरा होने पर राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है. शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए प्रशासनिक तंत्र की कार्यकुशलता, बारीकी से तैयार की गयी योजना और टीम के लगातार प्रयासों की सराहना की.
3.68 करोड़ मकानों की हुई गिनती
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अनुसार, राज्य के सभी जिलों, अनुमंडलों, प्रखंडों, नगर निगमों और नगरपालिकाओं में मकानों की सूचीकरण (House-listing) का शत-प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है. राज्य में अनुमानित 3.69 करोड़ मकानों के मुकाबले अब तक 3.68 करोड़ (3,68,30,150) मकानों की गणना दर्ज की जा चुकी है. यह आंकड़ा कुल अनुमानित परिवारों का लगभग 99.7 प्रतिशत है.
कठिन परिस्थितियों में गणनाकर्मियों ने किया काम
शुभेंदु अधिकारी ने जमीनी स्तर पर तैनात गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों के योगदान की विशेष प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि इन कर्मियों ने प्रतिकूल मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद राज्य के पहाड़ी, मैदानी और नदी तटीय इलाकों में घर-घर पहुंचकर आंकड़ों का संकलन किया.
ये भी पढ़ें: Video: पश्चिम बंगाल में जनगणना शुरू, शुभेंदु अधिकारी ने ऑनलाइन भरा अपना फॉर्म
अधिकारियों और नागरिकों को सीएम ने दिया धन्यवाद
उन्होंने इस अभियान के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारियों, अनुमंडल अधिकारियों, प्रखंड विकास अधिकारियों (BDO), नगर आयुक्तों और अन्य संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया. इसके साथ ही उन्होंने गणना के दौरान पूर्ण सहयोग देने के लिए राज्य के नागरिकों का भी धन्यवाद किया.
ये भी पढ़ें: बांग्लादेशी घुसपैठिये कल्याणकारी योजनाओं के हकदार नहीं, हम उन्हें खाना नहीं खिलायेंगे : शुभेंदु अधिकारी
