संवाददाता, कोलकाता
तृणमूल कांग्रेस ने उत्तर दिनाजपुर के दालखोला में भाजपा के एक स्थानीय नेता पर चार नाबालिगों की पिटाई का आरोप लगाते हुए कड़ा हमला बोला है. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो (जिसकी सत्यता की पुष्टि प्रभात खबर ने नहीं की है) में कथित तौर पर अर्जुन सरकार नामक नेता बेल्ट से किशोरों को पीटते दिखाई दे रहे हैं.
तृणमूल ने आरोप लगाया कि लड़कों को नौकरी का झांसा देकर बुलाया गया और बाद में चोरी का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट की गयी. पार्टी नेताओं ने इसे कानून व्यवस्था और नैतिकता पर बड़ा सवाल बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है. यदि आरोप सही पाये जाते हैं, तो कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
बाल अधिकार से जुड़े संगठनों ने भी इस घटना पर चिंता जतयी है. उनका कहना है कि नाबालिगों के साथ हिंसा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है. तृणमूल ने कहा है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.
