मुख्य बातें
Bengal News: कोलकाता/बशीरहाट. उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट महकमे के स्वरूपनगर थाना क्षेत्र स्थित हकीमपुर में भारत-बांग्लादेश सीमा पर रविवार सुबह एक बार फिर बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिकों की भीड़ देखी गयी. बिथारी-हकीमपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत हकीमपुर चेकपोस्ट पर सुबह से ही लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया. स्थिति को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने कार्रवाई करते हुए लगभग 80 लोगों को अपने कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की है.
दलालों के माध्यम से आये थे भारत
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार की तुलना में रविवार का दृश्य पूरी तरह अलग था. सुबह होते ही हकीमपुर चेकपोस्ट पर विभिन्न राज्यों से पहुंचे बांग्लादेशी नागरिकों की भीड़ जमा होने लगी. बताया जा रहा है कि ये लोग लंबे समय से भारत के विभिन्न हिस्सों में रह रहे थे और अब अपने देश लौटने के उद्देश्य से सीमा क्षेत्र में पहुंचे हैं. सूत्रों के मुताबिक, इनमें से कई लोग पहले कथित तौर पर दलालों के माध्यम से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे. प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती बढ़ने के बाद वे बांग्लादेश लौटने के लिए स्वरूपनगर के हकीमपुर सीमा क्षेत्र का रुख कर रहे हैं.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
करीब 80 लोग हिरासत में
रविवार सुबह सीमा पर भीड़ बढ़ने की सूचना मिलने के बाद बीएसएफ की 143वीं बटालियन के जवान मौके पर पहुंचे. इसके बाद करीब 80 लोगों को वाहनों के माध्यम से वहां से ले जाया गया. वहीं, अन्य लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया जारी है. सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गयी है. बीएसएफ तथा स्थानीय प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाये हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि सभी व्यक्तियों की नागरिकता, दस्तावेजों और कानूनी स्थिति की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी.
Also Read: बंगाल की शुभेंदु सरकार का बड़ा एक्शन, चार शीर्ष अधिकारी निलंबित
