Bengal News: रानीगंज: ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की एक कोयला खदान में हुए एयर ब्लास्ट में करीब 40 से अधिक खनिक घायल हो गए. वहीं एक मजदूर की मौत की भी खबर सामने आ रही है, हालांकि खदान प्रबंधन की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. घटना के कारणों को लेकर अब मजदूर संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है. श्रमिक संगठनों का आरोप है कि खदान प्रबंधन की लापरवाही और पर्याप्त निगरानी नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है. घटना की जांच की मांग भी उठाई जा रही है.
27 नंबर सेक्शन में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कुनुस्तोरिया एरिया के परशिया कोलियरी की भूमिगत खदान में प्रथम पाली के दौरान प्रातः लगभग 10 बजे खनिक 27 नंबर सेक्शन में कोयला काटने का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान अचानक खदान की एक परत से जोरदार एयर ब्लास्ट हो गया. विस्फोट के प्रभाव से खदान के भीतर मौजूद मजदूर चारों ओर जा गिरे. बताया जा रहा है कि घायलों में कई ठेका मजदूर तथा कोलियरी के अतिरिक्त प्रबन्धक दिलीप कुमार भी शामिल हैं.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अधिकतर मजदूरों की हालत नाजुक
अचानक हुई इस घटना से खदान के अंदर अफरा-तफरी मच गई. तेज दबाव वाली हवा ने मजदूरों को इधर-उधर फेंक दिया. घटना के तुरंत बाद खदान के ऊपर मौजूद अधिकारी और बचाव दल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए. घायल मजदूरों को बाहर निकालकर रानीगंज के बाँसड़ा एरिया अस्पताल तथा ईसीएल के अन्य अस्पतालों एवं दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है. बताया जा रहा है कि अधिकांश मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
Also Read: बंगाल में पब्लिक प्लेस पर पशु वध प्रतिबंध, बलि देने से पहले लेनी होगी सरकार से मंजूरी
