कोलकाता. संसद के शीतकालीन अधिवेशन के दौरान मंगलवार को दोनों ही सदन में बांग्लादेश का मुद्दा छाया रहा. लोकसभा में तृणमूल के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय ने बांग्लादेश में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन भेजने की बात कही. वहीं, भाजपा सांसद घुसपैठ के मुद्दे पर मुखर रहे. लोकसभा व राज्यसभा में जगन्नाथ सरकार व शमिक भट्टाचार्य ने अपनी बातें रखीं.
लोकसभा में भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा कि बंगाली हिंदू होना क्या कोई अपराध है. बंगाली हिंदुओं की पहचान कर उनपर हमले हो रहे हैं. इसके खिलाफ आंदोलन करने पर चिन्मय कृष्ण दास को गिरफ्तार किया गया. लगातार घुसपैठिये यहां आकर जनसंख्या का संतुलन बिगाड़ रहे हैं. राज्य के कई जिलों में आतंक का माहौल है. लेकिन राज्य सरकार इसे रोक नहीं रही है. वहीं, राज्यसभा में भाजपा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि कोलकाता में रोहिंग्या बसे हुए हैं. इसे लेकर राज्य सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. इस वजह से बंगाल के सीमावर्ती इलाके में जनसंख्या में तेजी से बदलाव हो रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
