संवाददाता, बैरकपुर.
खड़दह थाना के टाटा गेट इलाके में एक ऑटो चालक का एक राहगीर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इतने में उसने धारदार हथियार से हमला कर राहगीर का सिर फोड़ दिया. पीड़ित राहगीर का नाम दीपेन मंडल है. उसने थाने में शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित दीपेन मंडल टीटागढ़ के विवेकनगर का निवासी है. वह अपने बेटे को लेकर ट्यूशन से लौट रहा था. टीटागढ़ और खड़दह के बीच टाटा गेट के पास एक ऑटो चालक से झगड़ा हो गया. पीड़ित ने कहा कि वह बेटे को ट्यूशन से वापस लेकर आ रहा था, तभी टाटा गेट के पास एक बंपर है. ऑटो धीमी होकर वहां आकर रुक गया. वहीं दीपेन भी बेटे को लेकर खड़ा था. उसके पास ही ऑटो खड़ा होने के कारण उसने ऑटो चालक को थोड़ा आगे करने का अनुरोध किया. उसने कहा कि यहां ऐसे ऑटो खड़ा करने से आने-जाने वालों को दिक्कतें होगी. आरोप है कि इसी बात पर चालक गुस्सा होकर बहस करने लगा. थोड़ी देर में ही चालक ने सीट खोल कर एक हथियार निकाला और उस राहगीर के सिर पर हमला कर दिया. दीपेन लहूलुहान हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया और सिर पर तीन टांके लगे. प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया गया. फिर व्यक्ति ने खड़दह थाने में जाकर चालक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
