17 लाख की हेराफेरी में सरकारी बैंक का डिप्टी ब्रांच मैनेजर अरेस्ट

गिरफ्तार आरोपी का नाम सुमन कुमार सिंह (38) बताया गया है. वह हुगली के उत्तरपाड़ा का रहनेवाला है.

कोलकाता. एक महिला ग्राहक का फर्जी हस्ताक्षर कर उसके बैंक अकाउंट से 17 लाख रुपये दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर करने के आरोप में पुलिस ने सरकारी बैंक के डिप्टी ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार किया है. घटना जादवपुर थानाक्षेत्र स्थित सरकारी बैंक के जादवपुर विश्वविद्यालय शाखा की है. गिरफ्तार आरोपी का नाम सुमन कुमार सिंह (38) बताया गया है. वह हुगली के उत्तरपाड़ा का रहनेवाला है. बुधवार को उसे अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपी को 6 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया गया. क्या है मामला : पुलिस सूत्र बताते हैं कि प्रिंस गुलाम हुसैन शाह रोड की रहनेवाली वृद्धा शांता रानी घोष ने गत 23 जनवरी को जादवपुर थाने में शिकायत दर्ज करायी कि उनके बैंक अकाउंट से 17 लाख रुपये किसी ने उनकी मर्जी के बिना निकाल कर दूसरे के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किया है. उनका आरोप था कि रुपये की हेराफेरी में बैंककर्मियों की मिलीभगत है. मामले की जांच के दौरान कोलकाता पुलिस के एंटी बैंक फ्रॉड सेक्शन के अधिकारियों ने ब्रांच मैनेजर को नोटिस देकर कई दस्तावेज तलब किये. इसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान कई दस्तावेज जब्त किये. जांच में पुलिस को पता चला कि बैंक का डिप्टी ब्रांच मैनेजर सुमन सिंह इस धोखाधड़ी में सीधे तौर पर जुड़ा है. इसके बाद पुलिस ने मंगलवार रात को उसे गिरफ्तार कर लिया. उनसे पूछताछ कर इस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >