तृणमूल छोड़ आइएसएफ में शामिल हुए आराबुल इस्लाम

राज्य विधानसभा चुनाव से पहले दक्षिण 24 परगना के भांगड़ क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए स्थानीय नेता आराबुल ने पार्टी छोड़कर इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आइएसएफ) का दामन थाम लिया है.

संवाददाता, कोलकाता

राज्य विधानसभा चुनाव से पहले दक्षिण 24 परगना के भांगड़ क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए स्थानीय नेता आराबुल ने पार्टी छोड़कर इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आइएसएफ) का दामन थाम लिया है. गुरुवार को फुरफुरा शरीफ में वह औपचारिक रूप से आइएसएफ में शामिल हो गये. टीएमसी के उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद ही इस्लाम ने तृणमूल छोड़ने का संकेत दे दिया था. उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि लंबे समय तक पार्टी में रहने के बावजूद उन्हें सिर्फ उपेक्षा और निराशा ही मिली. इसी असंतोष के चलते उन्होंने संभवत: नया राजनीतिक रास्ता चुनने का फैसला किया.

आइएसएफ में शामिल होने के बाद इस्लाम ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य भांगड़ में शांति स्थापित करना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह नौशाद सिद्दिकी (आइएसएफ के विधायक) के नेतृत्व में काम करेंगे और क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति को बदलने की कोशिश करेंगे. उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि जब सिंगूर में आंदोलन चल रहा था, तब वह 26 दिनों तक वहां मौजूद रहे. कठिन परिस्थितियों में तृणमूल कांग्रेस के लिए काम करने के बावजूद उन्हें पहचान नहीं मिली, जिससे वह आहत थे. हुगली के फुरफुरा शरीफ में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान इस्लाम ने तृणमूल नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान में तृणमूल जनता की बात नहीं सुन रही है.

उन्होंने आरोप लगाया कि भांगड़ में गलत लोगों को जिम्मेदारी दी गयी है और क्षेत्र में आतंक का माहौल बना हुआ है. इस्लाम ने तृणमूल नेता शौकत मोल्ला पर भी गंभीर आरोप लगाये और उन्हें इलाके में अशांत माहौल होने का कारण बताया. इस्लाम ने फिलहाल, यह साफ नहीं किया है कि वह आगामी चुनाव में किस सीट से उम्मीदवार होंगे. लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि वह भांगड़ या कैनिंग क्षेत्र की किसी सीट से आइएसएफ के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >