अंगस जूट मिल खुली, आज से ही शुरू होगा कामकाज

बैठक में तय हुआ कि पांच नवंबर से जूट मिल का सामान्य संचालन बहाल होगा.

हुगली. मिल प्रबंधन और श्रमिक संगठनों की बैठक के बाद अंगस जूट मिल खोलने का फैसला किया गया. मिल में पांच नवंबर की सुबह की शिफ्ट (शिफ्ट ‘ए’) से सामान्य कामकाज फिर शुरू होगा. मंगलवार को कोलकाता स्थित एनएस बिल्डिंग के 12वीं मंजिल पर हुई बैठक में प्रबंधन और विभिन्न ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों में औद्योगिक शांति और समरसता बनाये रखने पर सहमति बन गयी. बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त श्रम आयुक्त इकबाल इस्लाम, पश्चिम बंगाल ने की. इस अवसर पर चंदननगर के डिप्टी लेबर कमिश्नर टी चक्रवर्ती, प्रबंधन की ओर से मिल के मालिक अभिषेक पोद्दार, मिल के प्रेसिडेंट एमएम स्वाइका, मिल के पर्सनल मैनेजर केपी शी, चांपदानी के विधायक अरिंदम गुइन, तृणमूल ट्रेड यूनियन के जिला अध्यक्ष मनोज चक्रवर्ती, चांपदानी तृणमूल ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष किशोर केवट व अन्य यूनियनों के प्रतिनिधियों में शेर मोहम्मद, इस्लामुद्दीन, लोकनाथ जायसवाल, लखन प्रमाणिक, दिनेश रामजी, प्रभु पासवान, श्यामसुंदर सिंह, एमएम हुसैन, एसके सिंह, सुबोध बनर्जी, लखन प्रसाद, मो. साबीर अली, जयंत नाथ, मो. सलाम और अन्य यूनियन नेताओं ने मिल खोलने के सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किये.

बैठक में तय हुआ कि पांच नवंबर से जूट मिल का सामान्य संचालन बहाल होगा. प्रबंधन और सभी यूनियनें मिलकर औद्योगिक शांति और अनुशासन बनाये रखने में सहयोग करेंगी. जिन श्रमिकों का विभाग बदला जायेगा, उनकी नौकरी पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

प्रबंधन उन विभागों की सूची देगा, जिनमें कामगारों का स्थानांतरण किया जायेगा, जबकि यूनियनें भी अपने-अपने सदस्यों की सूची सौंपेंगी.

जिन श्रमिकों का विभाग बदलेगा, उन्हें त्रिपक्षीय समझौते के तहत प्रशिक्षण दिया जायेगा. तीन और चार नवंबर को ‘नो वर्क, नो पे’ के तहत सेवा निरंतर मानी जायेगी, लेकिन वेतन नहीं दिया जायेगा. किसी भी विवाद को पहले द्विपक्षीय स्तर पर सुलझाने की कोशिश की जायेगी, असफल होने पर मामला संबंधित प्राधिकरण को भेजा जायेगा.

अतिरिक्त श्रम आयुक्त ने बैठक के निष्कर्ष पर हस्ताक्षर करते हुए आशा व्यक्त की कि अंगस जूट मिल में एक बार फिर शांतिपूर्ण वातावरण में उत्पादन कार्य शुरू होगा, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों श्रमिकों को राहत मिलेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >