आज सुबह तक सभी कूड़ेदानों की हो जायेगी सफाई : चेयरमैन

शहर के कूड़ेदानों से कचरे की सफाई समय पर नहीं होने से शहरवासियों में निगम के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है.

कचरा उठाने के काम में लगी हैं 70 गाड़ियां

संवाददाता, हावड़ा.

शहर के कूड़ेदानों से कचरे की सफाई समय पर नहीं होने से शहरवासियों में निगम के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है. इस बीच रविवार को हावड़ा नगर निगम मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में निगम के प्रशासनिक बोर्ड के चेयरमैन डॉ सुजय चक्रवर्ती ने लोगों से धैर्य बनाये रखने की अपील की. डॉ चक्रवर्ती ने कहा कि बेलगछिया सेंट्रल डंपिंग ग्राउंड (भगाड़) में भू-धंसान होना एक आपदा है. इस आपदा की वजह से ही पूरा सिस्टम फेल हो गया. कूड़ेदानों से कचरे की सफाई के लिए दिन-रात काम चल रहा है. स्टेट अरबन डेवलपमेंट अथॉरिटी (सूडा) ने अतिरिक्त 20 बड़े डंपर दिये हैं. कुल 70 गाड़ियां कूड़ेदानों से कचरा उठाने का काम कर रही हैं. रविवार को भी पूरी रात साफ-सफाई की जायेगी. सोमवार सुबह तक पूरे शहर में एक-एक कूड़ेदान की सफाई पूरी कर ली जायेगी. ईद में मुस्लिम समुदाय के लोगों को इसे लेकर परेशानी नहीं होगी.

डॉ चक्रवर्ती ने कहा कि इस तरह की विपरीत परिस्थिति में करीब 600 मीट्रिक टन कचरा को फेंकना आसान काम नहीं है. हमलोग जादू तो नहीं कर पायेंगे. फिर भी दो दिनों के अंदर 400 मीट्रिक टन कचरा उठाकर धापा में फेंका गया है. रविवार को सूडा के अधिकारियों के साथ उन्होंने खुद कई जगहों का जायजा लिया. वहीं, बेलगछिया भगाड़ में बॉयो माइनिंग के जरिये कचरे के पहाड़ को काटकर उसे हटाया जा रहा है. डॉ चक्रवर्ती ने कहा कि इस जगह को पूरी तरह से मैदान बनाया जायेगा और यहां वेस्ट एनर्जी प्लांट लगाने की योजना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Subodh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >