भाजपा मुस्लिमों के विकास की पक्षधर तृणमूल कर रही इस्तेमाल : शमिक

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने शनिवार को कहा कि पार्टी मुस्लिमों के खिलाफ नहीं है. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी मुस्लिमों के आर्थिक विकास को सुनिश्चित किये बिना उन्हें वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल कर रही है.

कोलकाता.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने शनिवार को कहा कि पार्टी मुस्लिमों के खिलाफ नहीं है. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी मुस्लिमों के आर्थिक विकास को सुनिश्चित किये बिना उन्हें वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल कर रही है. महानगर के बड़ाबाजार इलाके में माहेश्वरी भवन में पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्यों को संबोधित करते हुए भाजपा से राज्यसभा सदस्य व प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि आर्थिक विकास की कमी के कारण मुस्लिम युवाओं के एक वर्ग ने हिंसा का मार्ग अपनाया है.

उन्होंने कहा कि भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि अल्पसंख्यक समुदाय के गुमराह सदस्य जिन्होंने हथियारों और बम का सहारा लिया है, वे कलम और पेंसिल उठायें और अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारें. हम उन्हें मुख्यधारा में लायेंगे. उन्होंने कहा कि राज्य में हाल में हुई हिंसा की सभी घटनाओं में समुदाय का एक वर्ग शामिल था. ये सभी घटनाएं राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा सीमा पार से संरक्षण प्राप्त एक छोटे से समूह की करतूत थीं. सत्ता में आने के बाद भाजपा ऐसा कभी नहीं होने देगी.

शमिक भट्टाचार्य ने अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों से राज्य में मुसलमानों की आर्थिक स्थिति की तुलना गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों में मुसलमानों की आर्थिक स्थिति से करने को कहा.

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा शासित राज्यों में मुसलमानों पर कोई बड़ा हिंसक हमला या हत्या की घटना नहीं हुई है, जबकि बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं पर हमला करते समय अल्पसंख्यक समुदायों के सदस्यों को भी नहीं बख्शा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: BIJAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >