सिलीगुड़ी में ऋचा घोष के नाम पर बनेगा क्रिकेट स्टेडियम

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी में कहा कि राज्य सरकार विश्व विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी ऋचा घोष के नाम पर सिलीगुड़ी में एक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करेगी.

कोलकाता. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी में कहा कि राज्य सरकार विश्व विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी ऋचा घोष के नाम पर सिलीगुड़ी में एक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋचा ने बहुत कम उम्र में देश व पश्चिम बंगाल का नाम रोशन किया है. वह नयी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं. विश्व कप जीतने वाली खिलाड़ी के सम्मान में हम सिलीगुड़ी के चांदमणि क्षेत्र में ‘ऋचा घोष क्रिकेट स्टेडियम’ बनायेंगे. इस परियोजना के लिए 27 एकड़ जमीन उपलब्ध है. सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार अगले दो वर्षों में इस स्टेडियम को तैयार करने का लक्ष्य रखेगी. निर्माण का काम लोक निर्माण विभाग और युवा कल्याण एवं खेल विभाग के संयुक्त पर्यवेक्षण में होगा. मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद ऋचा घोष के पिता मानवेंद्र घोष भावुक हो गये. उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने कहा: मैं शब्दहीन हूं. यह केवल ऋचा के लिए नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं के लिए भी बड़ी उपलब्धि है जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं. उल्लेखनीय है कि ऋचा घोष ने हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप खिताब जीतने में अहम भूमिका निभायी थी. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कोलकाता के इडेन गार्डेंस में ऋचा और उनके परिवार से मुलाकात की थी और राज्य सरकार की ओर से ऋचा को सोने का चेन व राज्य पुलिस में डीएसपी पद पर नियुक्ति के लिए ज्वाइंग लेटर प्रदान किया था. भारत में अब तक किसी सक्रिय खिलाड़ी के नाम पर क्रिकेट स्टेडियम नहीं बना है. ऐसे में यह घोषणा ऐतिहासिक मानी जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >